सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसके साथ ही दर्शकों की निगाहें इसकी ओपनिंग और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग और स्टारकास्ट को लेकर पहले से ही चर्चा हो रही है। इस बीच फिल्म में नजर आने वाले एक्टर ब्योर्न ने सोशल मीडिया पर ऐसा संकेत दिया है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। उन्होंने फिल्म में एक खास पल का जिक्र करते हुए इसे ‘साइलेंट संबवम’ बताया है। हालांकि, उन्होंने यह खुलासा नहीं किया कि आखिर फिल्म में ऐसा क्या होने वाला है।
ब्योर्न ने दिया 'साइलेंट संबवम' का हिंट
‘जेलर 2’ की रिलीज से पहले ब्योर्न की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गई है। अभिनेता ने फिल्म का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर करते हुए एक ऐसे खास पल की ओर इशारा किया, जिसके बारे में दर्शकों को अभी जानकारी नहीं है। उन्होंने लिखा, 'मुझे कुछ ऐसा पता है, जो आपको नहीं पता! साइलेंट संबवम इरुक्कु। 15 अक्टूबर को आपको भी पता चल जाएगा।' ब्योर्न ने आगे फिल्म को लेकर अपना उत्साह जाहिर करते हुए कहा कि वह ‘जेलर 2’ का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं और चाहते हैं कि दर्शक इसे बड़े पर्दे पर देखने का अनुभव लें। उन्होंने फिल्म को पूरी तरह मनोरंजक बताया। अभिनेता के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ दर्शक इसे किसी सरप्राइज सीन से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि फिल्म में कोई ऐसा पल हो सकता है, जो दर्शकों को लंबे समय तक याद रहे। हालांकि ब्योर्न ने अभी तक अपने इस संकेत का मतलब साफ नहीं किया है।
एडवांस बुकिंग से बढ़ीं बॉक्स ऑफिस की उम्मीदें
रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की एडवांस बुकिंग को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार फिल्म की दुनियाभर में एडवांस बुकिंग कथित तौर पर 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। इस शुरुआती रुझान ने फिल्म की ओपनिंग को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि ‘जेलर 2’ पहले ही दिन दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली फिल्मों के क्लब में शामिल हो सकती है। वहीं कुछ लोग इसके भविष्य में 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा छूने की संभावना पर भी चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, ये फिलहाल उम्मीदें और अनुमान हैं। फिल्म की असली कमाई दर्शकों की प्रतिक्रिया, समीक्षाओं और रिलीज के बाद सिनेमाघरों में बनी रहने वाली मांग पर निर्भर करेगी।
दमदार स्टारकास्ट के साथ आ रही है 'जेलर 2'
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ में रजनीकांत एक बार फिर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर भी जारी कर दिया गया है। फिल्म में राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मोहनलाल, शिवराजकुमार, सूरज वेंजारामूडु, एसजे सूर्या, विद्या बालन और विजय सेतुपति जैसे कलाकार भी शामिल हैं। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर ने संभाली है। फिल्म की दमदार स्टारकास्ट और रजनीकांत की लोकप्रियता ने पहले से ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा रखी है। अब ब्योर्न के ‘साइलेंट संबवम’ वाले संकेत ने इस चर्चा को एक नया मोड़ दे दिया है। यह खास पल किसी सरप्राइज कैमियो, एक्शन सीक्वेंस या किसी अन्य यादगार दृश्य से जुड़ा है या नहीं, इसका जवाब फिल्म देखने के बाद ही मिलेगा। फिलहाल 15 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही ‘जेलर 2’ से फैंस को काफी उम्मीदें हैं और सभी की नजरें इसके पहले दिन के प्रदर्शन पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: 'तुम पर नजर रख रहे हैं', रणवीर शौरी को मिली जान से मारने की धमकी, ईमेल में लिखा- सही वक्त आने पर करेंगे हमला