IND vs PAK मैच पर अहम अपडेट! लाहौर में ICC और PCB के बीच हुई मीटिंग
IND vs PAK: T20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहला बड़ा अपडेट सामने आया है। भारत और पाकिस्तान मैच को लेकर लाहौर में अहम मीटिंग हुई, जिसमें ICC और PCB ने हिस्सा लिया।

IND vs PAK: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले को लेकर जारी गतिरोध के बीच हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने 8 फरवरी को लाहौर में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा से अहम मीटिंग की। यह बातचीत पाकिस्तान के भारत के खिलाफ प्रस्तावित मैच के बहिष्कार के फैसले को लेकर जारी तनाव को सुलझाने की कोशिशों का हिस्सा मानी जा रही है।
गद्दाफी स्टेडियम में हुई मीटिंग
तीनों अधिकारियों के बीच यह मीटिंग लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई। इमरान ख्वाजा खास तौर पर PCB अधिकारियों से चर्चा के लिए लाहौर पहुंचे थे। इस मीटिंग के बाद ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले हाई-वोल्टेज भारत-पाकिस्तान मुकाबले के आयोजन का रास्ता साफ हो सकता है। इमरान ख्वाजा ICC में सिंगापुर का प्रतिनिधित्व करते हैं और वर्ल्ड क्रिकेट में उनकी गिनती प्रभावशाली अधिकारियों में होती है, ऐसे में उनकी मौजूदगी को इस पूरे मामले में बेहद अहम माना जा रहा है।
पाकिस्तान को मनाने की कोशिश
बताया जा रहा है कि अमीनुल इस्लाम भी उन चर्चाओं का हिस्सा हैं, जिनका मकसद पाकिस्तान को भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच खेलने के फैसले पर पुनर्विचार के लिए मनाना है। अमीनुल और ख्वाजा दोनों का लाहौर एयरपोर्ट पर सीनियर PCB अधिकारियों ने स्वागत किया, जिसके बाद उन्हें सीधे गद्दाफी स्टेडियम ले जाया गया।
बांग्लादेश विवाद से जुड़ा है मामला
अमीनुल इस्लाम की मौजूदगी इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि मौजूदा विवाद की जड़ ICC का वह फैसला है, जिसमें भारत में खेलने से इनकार करने पर बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने वर्ल्ड कप मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी, जिसे ICC ने खारिज कर दिया था।
पाकिस्तान सरकार लेगी आखिरी फैसला
हाल ही में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा था कि भारत के खिलाफ न खेलने का फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया है, क्योंकि ICC ने उसके मैच श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग को नहीं माना। हालांकि, PCB और ICC के बीच बातचीत जारी है, लेकिन भारत के खिलाफ खेलने या न खेलने का अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार को ही लेना है। माना जा रहा है कि अगले 48 घंटों में स्थिति और साफ हो सकती है।
यह भी पढ़ें
T20 World Cup: तीसरे दिन खेले जाएंगे तीन रोमांचक मुकाबले, एक टीम का होगा डेब्यू, देखें पूरा शेड्यूल