1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'सूर्या ने मारा जोरदार तमाचा', हार से तिलमिलाया पूर्व क्रिकेटर, पाकिस्तानी टीम पर निकाली जमकर भड़ास

'सूर्या ने मारा जोरदार तमाचा', हार से तिलमिलाया पूर्व क्रिकेटर, पाकिस्तानी टीम पर निकाली जमकर भड़ास

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एक बार फिर भारतीय टीम का हाथों मुंह की खानी पड़ी। टीम इंडिया ने 15 फरवरी को खेले गए मुकाबले में 61 रनों से मात दी।

IND vs PAK- India TV Hindi
Image Source : AFP भारत बनाम पाकिस्तान

IND vs PAK: T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर सवालों की बौछार शुरू हो गई है। इस एकतरफा मुकाबले में भारतीय टीम ने हर विभाग में पाकिस्तान को धूल चटाई, जिसके बाद पूर्व क्रिकेटर ने पाकिस्तानी टीम पर हमला बोला है। कोलंबो मे 15 फरवरी को खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 175 रन बनाए। ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर 32 रनों का अहम योगदान दिया।

पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने किया निराश

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। भारत की कसी हुई गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने पेस और स्पिन दोनों मोर्चों पर कमाल किया। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक विकेट चटकाया। 

इस मुकाबले के दौरान पार्ट-टाइम गेंदबाज तिलक वर्मा और रिंकू सिंह ने भी गेंद से कमाल किया। कप्तान सूर्या ने 13वें ओवर में तिलक वर्मा को गेंद थमाई। कप्तान की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए तिलक ने पहली ही गेंद पर शादाब खान को आउट कर पाकिस्तान को सातवां झटका दिया। इसके बाद रिंकू सिंह ने भी एक ओवर किया।

सूर्या ने मारा जोरदार तमाचा

सूर्यकुमार के इस साहसिक कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने कहा कि सूर्यकुमार ने तिलक और रिंकू से गेंदबाजी कराकर पाकिस्तान क्रिकेट को जोरदार तमाचा मारा है। बासित अली ने गेम ऑन है शो पर पाकिस्तानी टीम पर तंज कसते हुए कहा कि वह हार्दिक, बुमराह या कुलदीप की बात नहीं कर रहे, बल्कि पार्ट-टाइम गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजों का आउट होना पाकिस्तान के गिरते लेवल को दिखाता है।

पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 34 गेंदों पर 44 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें अक्षर पटेल ने पवेलियन भेज दिया। टॉप आर्डर पूरी तरह फेल रहा और टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी। भारत की यह जीत न सिर्फ पॉइंट्स टेबल के लिहाज से अहम रही, बल्कि उसने यह भी दिखा दिया कि टीम हर परिस्थिति में संतुलित और मजबूत है।

यह भी पढ़ें:

इंग्लिश क्रिकेटर ने 29 साल की उम्र में रिटायरमेंट का किया ऐलान, क्रिकेट जगत हैरान

Latest Cricket News