A
Hindi News खेल क्रिकेट IND vs SA 1st ODI: टीम इंडिया ने रांची में खेले हैं अब तक 6 वनडे मैच, इतने मैचों में करना पड़ा हार का सामना

IND vs SA 1st ODI: टीम इंडिया ने रांची में खेले हैं अब तक 6 वनडे मैच, इतने मैचों में करना पड़ा हार का सामना

IND vs SA: रांची के स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस स्टेडियम में अब तक भारतीय टीम ने 6 वनडे मैच खेले हैं।

Indian Cricket Team- India TV Hindi Image Source : PTI भारतीय क्रिकेट टीम

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद अब दोनों टीमों के बीच लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट की सीरीज खेली जाएगी, जिसमें 30 नवंबर से तीन मैचों की सीरीज का आगाज होगा। दोनों टीमों के बीच पहला वनडे मैच रांची के स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया की कप्तानी केएल राहुल संभालते हुए नजर आएंगे जिनको शुभमन गिल के पूरी तरह से फिट ना होने के चलते ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा वनडे स्क्वाड में लंबे समय के बाद ऋषभ पंत की भी वापसी हुई है, जिनको प्लेइंग 11 में मौका मिलेगा या नहीं इसको लेकर भी सभी की नजरें टिकी रहने वाली हैं। रांची के स्टेडियम में टीम इंडिया ने अब तक 6 वनडे मैच खेले हैं, ऐसे में यहां पर उनका रिकॉर्ड कैसा रहा है, उसपर एक नजर डालते हैं।

टीम इंडिया को तीन मैचों में मिली जीत तो 2 में करना पड़ा हार का सामना

भारतीय टीम ने रांची के स्टेडियम में साल 2013 में पहली बार वनडे मैच खेला था, जो ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ था। इस मुकाबले को टीम इंडिया 7 विकेट से अपने नाम किया था। अब तक भारतीय टीम को रांची में 6 वनडे मैच खेलने का मौका मिला है, जिसमें से वह तीन मुकाबलों को जहां जीतने में कामयाब रही तो वहीं 2 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया ने यहां पर जो 2 मुकाबलों में हार का सामना किया है उसमें एक न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला था तो वहीं दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने यहां पर गंवाया था। ऐसे में टीम इंडिया की नजरें इस मैदान पर अपने वनडे रिकॉर्ड को और बेहतर करने पर टिकी होंगी। अभी तक जिन तीन मैचों में टीम इंडिया को यहां पर जीत मिली है उन सभी में उन्होंने टारगेट का पीछा किया था।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में ऐसा रहा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड

रांची के मैदान पर टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी एक वनडे मैच खेला है जो साल 2022 में हुआ था। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 278 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद भारतीय टीम ने टारगेट का पीछा 45.5 ओवर्स में 3 विकेट के नुकसान पर कर लिया था। इस मुकाबले में टीम इंडिया को जीत दिलाने में श्रेयस अय्यर ने अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें उनके बल्ले से 113 रनों की नाबाद मैच विनिंग पारी देखने को मिली थी। ऐसे में टीम इंडिया रांची में अफ्रीका के खिलाफ अपने इसी रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी।

ये भी पढ़ें

रोहित-कोहली क्या खेलेंगे साल 2027 वनडे वर्ल्ड कप? गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने दिया जवाब, इस चीज को बताया अहम

रोहित शर्मा के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका, पहले वनडे में करना होगा बस छोटा सा काम

Latest Cricket News