1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA: कहां और कैसे डूबी टीम इंडिया की लुटिया? साउथ अफ्रीका ने जमकर खेला माइंड गेम

IND vs SA: कहां और कैसे डूबी टीम इंडिया की लुटिया? साउथ अफ्रीका ने जमकर खेला माइंड गेम

T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने टीम इंडिया को महज 111 रन पर समेट दिया।

IND vs SA - India TV Hindi
Image Source : AFP भारत बनाम साउथ अफ्रीका

IND vs SA: T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने ऐसी सूझबूझभरी क्रिकेट खेली कि भारतीय टीम की मजबूत बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस अहम मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने 76 रन से बड़ी जीत दर्ज की। डेविड मिलर की 35 गेंदों पर 63 रनों की पारी ने नींव रखी, लेकिन असली कहानी साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने लिखी, जिन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को बांधकर रख दिया। नतीजा ये हुआ कि टीम इंडिया पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और सिर्फ 111 रनों पर ढेर हो गई।

लुंगी एंगिडी ने रनों पर लगाई लगाम

अगर साउथ अफ्रीका की इस शानदार जीत का सबसे बड़ा नायक कोई रहा, तो वह थे तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी। उन्होंने 4 ओवर गेंदबाजी करते हुए भले ही कोई विकेट नहीं लिया, लेकिन रन सिर्फ 15 खर्च किए। लुंगी की यही चाल भारतीय बल्लेबाजी पर भारी पड़ी। काली मिट्टी की पिच पर गेंद रुक रही थी, यह समझते ही एंगिडी ने रफ्तार छोड़कर ऑफ-कटर और स्लोअर बाउंसर का सहारा लिया। बिना आर्म स्पीड बदले फेंकी गई इन गेंदों ने भारत को पहले गियर में ही रोक दिया।

येनसन ने धारदार गेंदबाजी से चौंकाया

लंबे कद के तेज गेंदबाज मार्को येनसन शानदार गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 4 विकेट झटके। उनकी अतिरिक्त उछाल वाली धीमी गेंदों ने भारतीय बल्लेबाजों को पूरी तरह चौंका दिया। सटीक फील्ड सेटिंग के चलते भारतीय बल्लेबाजों को कोई आसान रन भी नहीं मिला। इससे पता चलता है कि कि टीम इंडिया इस अहम मैच की तैयारी के मामले में पीछे रह गई।

मिडिल ऑर्डर की सूझबूझ

साउथ अफ्रीकी पारी की बात की जाए तो, शुरुआती चार ओवर में 20 रन पर 3 विकेट खोने के बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने 97 रन की साझेदारी कर मैच पलट दिया। दोनों ने वरुण चक्रवर्ती को खास निशाना बनाया, जिन्होंने 4 ओवर में 47 रन लुटाए। साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मारक्रम ने मैच के बाद खुलासा किया कि मिडिल ओवर में गैप में रन बटोरने की रणनीति ने स्कोरबोर्ड को चलाए रखा। इस मैच से एक बड़ा संकेत तो मिल गया है कि साउथ अफ्रीका अब दबाव में निखरने वाली टीम बन चुकी है।

यह भी पढ़ें:

साउथ अफ्रीका से हारने के बाद क्या होगा टीम में बदलाव? कोच ने संजू सैमसन को लेकर दिया बड़ा हिंट

डेविड मिलर ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ किया बड़ा कारनामा, मैक्सवेल का कीर्तिमान हो गया ध्वस्त

Latest Cricket News