1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA: साउथ अफ्रीका ने जीता टॉस, टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में नहीं हुई उपकप्तान की वापसी

IND vs SA: साउथ अफ्रीका ने जीता टॉस, टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में नहीं हुई उपकप्तान की वापसी

IND vs SA: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का अपना पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका की टीम के खिलाफ खेल रही है, जिसमें टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस मैच में अफ्रीकी टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है।

Indian Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय क्रिकेट टीम

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का सबसे बड़ा मुकाबला जिसका इंतजार फैंस को काफी बेसब्री से था, वह भारत और साउथ अफ्रीका की टीम के बीच में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में साउथ अफ्रीका की टीम के कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। वहीं टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में बदलाव की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन टॉस के समय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जानकारी दी कि उपकप्तान अक्षर पटेल इस मैच में भी नहीं खेल रहे हैं।

वाशिंगटन सुंदर प्लेइंग 11 में हैं बरकरार

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 को लेकर बात की जाए तो उसमें पहले कुछ बड़े बदलाव को लेकर चर्चा देखने को मिल रही थी, लेकिन टॉस के समय कप्तान सूर्यकुमार यादव के बयान से साफ हो गया कि कोई भी बदलाव पिछले मुकाबले की प्लेइंग 11 से नहीं किया गया है। नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में उपकप्तान अक्षर पटेल की जगह पर शामिल किए गए वाशिंगटन सुंदर साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में भी खेलेंगे। सूर्यकुमार यादव ने अक्षर पटेल को नहीं खिलाए जाने को लेकर कहा कि हमारे लिए ये एक बहुत मुश्किल फैसला है, लेकिन हम उसी टीम के साथ जा रहे हैं, बस यह एक टैक्टिकल डिसीजन है, इसलिए पिछले गेम से कोई बदलाव नहीं। इस मुकाबले में सभी की नजरें टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर रहने वाली हैं, जो पिछले तीन मैचों में लगातार डक पर आउट होकर पवेलियन लौटे हैं।

टीम इंडिया की प्लेइंग 11

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह अर्शदीप सिंह।

टीम इंडिया का अफ्रीका के खिलाफ है टी20 वर्ल्ड कप में है शानदार रिकॉर्ड

भारतीय टीम का आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो वह अब तक काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें दोनों टीमों के बीच कुल 7 मुकाबले खेले जा चुके हैं। टीम इंडिया ने इसमें से 5 मैचों को अपने नाम किया है, तो वहीं साउथ अफ्रीका की टीम सिर्फ 2 बार ही जीत हासिल करने में कामयाब हो सकी है। ऐसे में इस मैच में टीम इंडिया का पलड़ा भारी माना जा सकता है।

ये भी पढ़ें

IPL में फिर दिखेगा धोनी का जलवा? IPL 2026 से पहले CSK के CEO का बड़ा खुलासा

IND vs SA: तिलक वर्मा के पास बाबर आजम को पीछे छोड़ने का मौका, इस मुकाम पर पहुंचने वाले बनेंगे पहले भारतीय

Latest Cricket News