भारतीय टीम का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने ग्रुप स्टेज में अपने सभी चारों मैचों को अपने नाम करने के साथ सुपर-8 के लिए अपनी जगह को पक्का किया। अब टीम इंडिया टूर्नामेंट में अपना अगला मैच जो सुपर-8 में होगा वह साउथ अफ्रीका की टीम के खिलाफ 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलेगी। इस मैच में सभी की नजरें जहां टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर रहने वाली हैं, तो वहीं नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने के लिए आने वाले तिलक वर्मा के पास इस मुकाबले में एक बड़ा मुकाम हासिल करने का मौका भी रहेगा, जिसे हासिल करने के लिए उन्हें सिर्फ चार रनों की दरकार है।
इस मामले में पहले भारतीय बन सकते हैं तिलक वर्मा
तिलक वर्मा का अभी तक टी20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका की टीम के खिलाफ बल्ले से काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। तिलक ने अब तक अफ्रीकी टीम के खिलाफ 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और उसमें उन्होंने 70.85 के औसत से कुल 496 रन बनाए हैं। इस दौरान तिलक के बल्ले से दो शतकीय और दो अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। ऐसे में इस मुकाबले में यदि तिलक चार रन और बनाने में कामयाब होते हैं तो वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में 500 रनों का आंकड़ा पूरा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनेंगे। वहीं अभी तक अफ्रीका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सिर्फ तीन ही खिलाड़ी ऐसे हैं, जो 500 रनों का आंकड़ा पार करने में कामयाब हो सके हैं, जिसमें एक नाम पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम का भी शामिल है, जिन्होंने कुल 526 रन बनाए हैं। ऐसे में तिलक यदि इस मैच में 31 रन और बनाने में कामयाब होते हैं तो बाबर आजम को पीछे छोड़ देंगे।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- जोस बटलर (इंग्लैंड) - 606 रन
- बाबर आजम (पाकिस्तान) - 526 रन
- जॉनी बेयरस्टो (इंग्लैंड) - 501 रन
- तिलक वर्मा (भारत) - 496 रन
तिलक का अब तक नहीं दिखा बल्ले से कमाल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक तिलक वर्मा को चारों मैचों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है, लेकिन एक में भी वह अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सके। इसमें से जहां शुरुआती तीन मैचों में उनके बल्ले से 25-25 रनों की पारी देखने को मिली, तो वहीं नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में 31 रनों की पारी खेली थी। ऐसे में तिलक से सभी को सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
ये भी पढ़ें
किस टीम ने खेले हैं सबसे ज्यादा अलग-अलग देशों के खिलाफ T20I मैच? नाम जान रह जाएंगे हैरान
जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के बीच लगी नंबर-1 की रेस, अश्विन को सबसे पहले कौन छोड़ेगा पीछे?