IND vs SA: कोलकाता में बजा साउथ अफ्रीका का डंका, कप्तान टेम्बा बावुमा ने गेंदबाजों की जमकर की तारीफ
IND vs SA: टेम्बा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने कोलकाता टेस्ट जीतकर 2 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। साउथ अफ्रीका ने भारत को 30 रनों से हराया।
IND vs SA: साउथ अफ्रीका ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में भारत के खिलाफ 30 रन से शानदार जीत दर्ज की। तीन दिन तक चले इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने शानदार खेल दिखाया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारतीय टीम को जीत के लिए 124 रनों का टारगेट मिला थी लेकिन गिल की टीम महज 93 रनों पर ढेर हो गई। इस तरह साउथ अफ्रीका की टीम 15 साल बाद भारतीय सरजमीं पर टेस्ट मैच जीतने में सफल रही। कोलकाता में जीत के बाद साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा बेहद खुश नजर आए। उन्होंने टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की।
पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में बावुमा ने कहा कि मुकाबला बहुत ही रोमांचक मैच रहा। आप ऐसे मुकाबलों का हिस्सा बनना चाहते हैं। खास तौर पर जब परिणाम आपके पक्ष में हो। हमने जितना हो सके अपनी पकड़ मैच में बनाए रखने की कोशिश की। गेंदबाज हमें मुकाबले में वापस लेकर आए और कॉर्बिन के साथ अच्छी साझेदारी हुई। विकेट सुबह में उतनी मुश्किल नहीं थी इसलिए हम साझेदारी करने में सफल हुए।
मौके भुनाने की कोशिश की
उन्होंने आगे कहा कि हमने जितना हो सके मैच में बने रहने की कोशिश की। ऐसा हर बार नहीं होता कि आप 120-125 रन बनाकर जीत का स्कोर बना लें। यह बस मैच में बने रहने और विश्वास बनाए रखने की बात थी। हमें पता था कि बल्लेबाजी में मुश्किलें आएंगी, हमारे लिए मुश्किलें थीं, लेकिन हमें जो भी मौका मिला उसका फायदा उठाना था। हमारी टीम के खिलाड़ियों ने इसे शानदार तरीके से अंजाम दिया और सौभाग्य से सब कुछ हमारे अनुसार हुआ।
अब दूसरे टेस्ट पर टिकी निगाहें
टेम्बा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका टीम अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। इस पर बावुमा ने कहा कि यह अच्छी टीम होने की वजह से है। बतौर बल्लेबाज वह ज्यादा से ज्यादा बल्लेबाजी करने के बारे में सोच रहे थे और भारत में आकर प्रदर्शन करना हर किसी के लिए खास होता है। गौरतलब है कि कोलकाता टेस्ट में मिली जीत ने साउथ अफ्रीका की आत्मविश्वास में बड़ा इजाफा किया है और मेहमान टीम अब सीरीज के अगले मुकाबले में भी इसी लय को जारी रखने के इरादे से उतरेगी।
यह भी पढ़ें:
कोलकाता टेस्ट में हार से टीम इंडिया को हुआ भारी नुकसान, पहुंची इस नंबर पर
IND vs SA: कोलकाता में भारत की शर्मनाक हार, 21 साल बाद देखने को मिला ऐसा दिन
