भारत और वेस्टइंडीज के बीच में एक मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का सबसे बड़ा और अहम मुकाबला खेला जाएगा। दोनों ही टीमों के अभी 2-2 मैचों के बाद दो-दो अंक हैं और ऐसे में इस मैच को जो भी टीम जीतेगी वह सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब हो जाएगी। ऐसे में भारत और वेस्टइंडीज के बीच में खेले जाने वाले इस मैच को वर्चुअल क्वार्टर फाइनल के रूप में भी देखा जा रहा है। ऐसे में इस मुकाबले की पिच को लेकर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जिसको लेकर कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम के मुख्य पिच क्यूरेटर का बयान सामने आया है।
बल्लेबाजी के लिए मददगार होगी पिच
कोलकाता ईडन गार्डन्स स्टेडियम के मुख्य पिच क्यूरेटर सुजान मुखर्जी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मुकाबले की पिच को लेकर दिए बयान में कहा कि सौरव गांगुली पिच की तैयारी देखकर खुश दिखे। यह वही पिच है जिसका इस्तेमाल वर्ल्ड कप के दूसरे मैच में हुआ था। यह पारंपरिक ईडन गार्डन्स का विकेट है जिस पर काफी रन बनते हैं और गेंदबाजों के लिए भी कुछ न कुछ होता है। मैदान पर काफी ओस भी रहने की संभावना है। बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच सुपर आठ का मुकाबला उसी पिच पर होगा जिस पर टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा मैच खेला गया था, जिसमें स्कॉटलैंड की टीम ने इटली के खिलाफ मैच में 200 से अधिक रनों का स्कोर बनाया था।
ओस के चलते टॉस की भूमिका रहेगी अहम
ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच पर स्पिन गेंदबाजों को भी थोड़ी मदद मिलने की उम्मीद है, लेकिन ओस के चलते पहली पारी में गेंदबाजी करने वाली टीम को इसका अधिक फायदा मिल सकता है। ऐसे में टॉस की भूमिका इस मुकाबले में काफी अहम रहने वाली हैं, जिसमें इसे जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी। बता दें कि अभी तक भारतीय टीम का इस स्टेडियम में रिकॉर्ड काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 8 मुकाबले खेले हैं और 7 को जीतने में कामयाब रहे हैं।
ये भी पढ़ें
T20 WC 2026: सेमीफाइनल से पहले छोड़ देगा टीम का साथ, अचानक क्यों जाना पड़ रहा है अपने घर
IPL 2026: कब से शुरू होगा आईपीएल का नया सीजन, दो दिन आगे बढ़ सकती है तारीख
Latest Cricket News