A
Hindi News खेल क्रिकेट IND vs ZIM: टीम इंडिया का टी20 में कैसा है जिम्बाब्वे के खिलाफ रिकॉर्ड? 13 मैचों में इतनी बार किया है हार का सामना

IND vs ZIM: टीम इंडिया का टी20 में कैसा है जिम्बाब्वे के खिलाफ रिकॉर्ड? 13 मैचों में इतनी बार किया है हार का सामना

IND vs ZIM: भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 में अपना अगला मुकाबला जिम्बाब्वे की टीम के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेलना है। टीम इंडिया पहली बार घर पर जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेगी।

IND vs ZIM, T20 World Cup 2026 Match- India TV Hindi Image Source : AP भारत बनाम जिम्बाब्वे, टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैच

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का कर पाएगी या नहीं इसकी चर्चा अभी सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है। टीम इंडिया को सुपर-8 के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में टीम इंडिया के लिए अब सुपर-8 में बाकी बचे दो मुकाबले जहां बेहद अहम हो गए हैं तो वहीं उनको साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मैच के परिणाम पर भी अपनी नजरें रखने होगी। भारतीय टीम को सुपर-8 में अपना अगला मैच 26 फरवरी की शाम चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे की टीम के खिलाफ खेलना है। अभी तक टीम इंडिया का इस फॉर्मेट में जिम्बाब्वे के खिलाफ रिकॉर्ड काफी शानदार देखने को मिला है, लेकिन इसके बावजूद टीम इंडिया उन्हें हल्के में लेने की गलती नहीं करेगा।

टीम इंडिया ने अब तक टी20 में 13 बार किया है जिम्बाब्वे का सामना

भारतीय टीम ने अब तक घर पर एकबार भी जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है, जिसमें वह पहली बार उनका सामना घरेलू मैदान पर करेगी। अभी तक टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में कुल 13 मुकाबले खेले हैं, जिसमें हेड टू हेड रिकॉर्ड में साफतौर पर भारतीय टीम का पलड़ा भारी दिखता है। टीम इंडिया ने इन 13 टी20 इंटरनेशनल मैचों में से 10 को अपने नाम किया है तो वहीं सिर्फ तीन मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम को पिछली बार साल 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था, जब टीम इंडिया ने उनके घर पर 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली थी। इस सीरीज को भारतीय टीम ने 4-1 के अंतर से अपने नाम किया था।

वर्ल्ड कप में अब तक सिर्फ एकबार हुआ है आमना-सामना

टीम इंडिया ने अब तक हुए टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में जिम्बाब्वे की टीम का सामना सिर्फ एक बार किया है, जब साल 2022 में दोनों टीमों के बीच में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में मुकाबला खेला गया था। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 186 रनों का स्कोर बनाया था, जिसमें सूर्यकुमार यादव के बल्ले से नाबाद 61 रनों की पारी देखने को मिली थी। वहीं इसके बाद जिम्बाब्वे की टीम टारगेट का पीछा करते हुए 17.2 ओवर्स में 115 के स्कोर पर सिमट गई थी, जिसमें टीम इंडिया ने मैच को 71 रनों के अंतर से जीता था। ऐसे में टीम इंडिया से सभी को इस अहम मुकाबले में इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

ये भी पढ़ें

IND vs ZIM: टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में 2 बदलाव संभव, जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मुकाबला

T20 World Cup 2026: 51 साल में पहली बार होगा ऐसा? टीम इंडिया, पाकिस्तान और श्रीलंका पर मंडराया खतरा

Latest Cricket News