1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पहला मैच बारिश के कारण रद, अब कब खेला जाएगा भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टी20 मुकाबला

पहला मैच बारिश के कारण रद, अब कब खेला जाएगा भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टी20 मुकाबला

भारत बनाम इंग्लैंड पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया। अब दूसरे मैच की बारी है। इसके लिए टीमें अब अपनी तैयारी शुरू करने वाली हैं।

shreyas iyer- India TV Hindi
Image Source : AP श्रेयस अय्यर

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 मैचों की सीरीज का आगाज हो चुका है। हालांकि पहला मुकाबला बारिश के कारण आधा हो पाया और इसके बाद इसे रद कर दिया गया। हालांकि माना जा रहा है कि अगर मैच पूरा होता तो टीम इंडिया इसे हार भी सकती थी, क्योंकि बहुत बड़ा स्कोर नहीं था। सीरीज में पांच मुकाबले होने हैं। अब दूसरा मुकाबला कब और कहां खेला जाएगा, ये अभी से जान लीजिए। कहीं ऐसा ना हो कि जिस दिन मैच हो, आपको पता ही ना चले। 

टीम इंडिया ने टॉस जीतकर चुनी पहले बल्लेबाजी, शुरुआती पारी फिर से लड़खड़ाई

भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। संजू सैमसन के रूप में भारत का पहला विकेट जल्दी गिर गया। वे सात बॉल पर केवल एक ही रन बना सके। इसके बाद तीसरे नंबर पर आए ईशान किशन बिना खाता खोले ही आउट हो गए। उन्होंने दो बॉल का सामना किया और लगातार दूसरे मैच में रन आउट होकर पवेलियन लौटे। केवल छह रन के स्कोर पर भारत के दो विकेट गिर चुके थे। इसके बाद कप्तान श्रेयस और अभिषेक ने पारी को संभाला। 

अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला

अभिषेक शर्मा ने केवल 24 बॉल पर 59 रनों की पारी खेली, इसमें छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। वहीं श्रेयस अय्यर ने 47 बॉल पर 68 रन बनाए। उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। ये कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर का टी20 इंटरनेशनल में पहला अर्धशतक भी रहा। आखिर में आकर शिवम दुबे ने 21 बॉल पर 42 रन बनाए। इस तरह से जब 20 ओवर का खेल खत्म हुआ तो भारतीय टीम 7 विकेट पर 189 रन बना चुकी थी। यानी इंग्लैंड को पूरे 190 रन बनाने थे। लेकिन दूसरी पारी शुरू ही नहीं हो पाई। 

भारतीय टीम की बल्लेबाजी में भी हो रही थी हल्की बारिश

जब टीम इंडिया की टीम बल्लेबाजी कर रही थी, तभी हल्की हल्की बारिश शुरू हो गई थी, लेकिन मैच चल रहा था, इसलिए इसे रोका नहीं गया। जब भारत की पारी पूरी हो गई तो बारिश और तेज होने लगी। चूंकि मैच चल नहीं रहा था, इसलिए नियमानुसार जब तक पूरी तरह से बारिश बंद नहीं होती, तब तक मैच शुरू नहीं हो सकता था। काफी देर तक इंतजार किया गया, लेकिन जब लगा कि अब मैच नहीं हो पाएगा तो उसे रद घोषित कर दिया गया। 

अब 4 जुलाई को खेला जाएगा भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला

अब अगर सीरीज के दूसरे मैच की बात की जाए तो ये 4 जुलाई यानी शनिवार को खेला जाएगा। मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा। यानी केवल दो ही दिन का ब्रेक टीमों के पास है और इसी बीच अपनी तैयारी को और भी पुख्ता करना है। अभी चूंकि मैच हुआ ही नहीं है, इसलिए सीरीज बराबरी पर है, लेकिन अब टीम इंडिया के लिए सीरीज जीतना और भी मुश्किल होगा। बचे हुए चार में से तीन मैच जीतने होंगे, तभी बात बनेगी। इस बीच अच्छी बात ये है कि अगला मैच भारतीय समय अनुसार शाम सात बजे से शुरू होगा। पहला मैच रात दस बजे से खेला गया था, लेकिन अब सात बजे से शुरू होगा, जो करीब 11 बजे खत्म भी हो जाएगा। 

यह भी पढ़ें 

श्रेयस अय्यर टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड में फिफ्टी लगाने वाले बने पहले भारतीय कप्तान, विराट कोहली को छोड़ा पीछे

जोस बटलर ने पूरा किया स्पेशल शतक, टी20 इंटरनेशनल में बने 100 डिसमिसल करने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर

Latest Cricket News