भारत और इंग्लैंड के बीच में खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले का मजा बारिश ने किरकिरा कर दिया। डरहम काउंटी के चेस्टर ली स्ट्रीट के स्टेडियम में खेला गया सीरीज का पहला मुकाबला टीम इंडिया की पारी के खत्म होने के बाद फिर शुरू नहीं हो सका। इस मैच में इंग्लैंड टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने जरूर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली, जिसमें वह अब टी20 इंटरनेशनल में क्विंटन डी कॉक के बाद सिर्फ दूसरे ऐसे विकेटकीपर बन गए हैं जो 100 डिसमिसल करने में कामयाब हो सके हैं। बटलर ने ये उपलब्धि पहले टी20 मैच में हर्षित राणा को स्टम्पिंग आउट करते हुए हासिल की।
आदिल रशीद की गेंद पर बटलर को मिला स्टम्पिंग करने का मौका
टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। इस मैच 18.3 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 174 रन बना चुकी थी। इसके बाद अगली गेंद जो इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद ने फेंकी उसपर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में हर्षित राणा पूरी तरह से चूक गए। राणा पिच पर गेंद की तरफ शॉट खेलने के लिए आगे बढ़े लेकिन रशीद की गुगली को वह समझ नहीं सके, जिसको बटलर ने पकड़ने के साथ उनकी स्टम्पिंग कर दी। इसी के साथ जोस बटलर के लिए हर्षित राणा को स्टम्पिंग आउट करना एक बड़ी उपलब्धि बन गया जो टी20 इंटरनेशनल में उनका 100 डिसमिसल है।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा डिसमिसल करने वाले विकेटकीपर
- क्विंटन डी कॉक (साउथ अफ्रीका) - 117 डिसमिसल
- जोस बटलर (इंग्लैंड) - 100 डिसमिसल
- एमएस धोनी (भारत) - 91 डिसमिसल
- इरफान करीम (केन्या) - 90 डिसमिसल
- डिडियर न्डिकुबविमाना (रवांडा) - 89 डिसमिसल
अभिषेक शर्मा और कप्तान अय्यर ने दिखाया कमाल, सैमसन फिर रहे फेल
इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 मुकाबला भले ही बारिश की भेट चढ़ गया लेकिन इस मैच में भारतीय टीम ने पूरे 20 ओवर्स बल्लेबाजी की और उसमें ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे। वहीं इस मैच में सबसे ज्यादा नजरें संजू सैमसन पर थी जिनका आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में भी कोई कमाल देखने को नहीं मिला था और वह यहां भी पहले मुकाबले में बल्ले से कुछ खास करने में कामयाब नहीं हो सके। सैमसन इस मैच में सिर्फ एक रन ही बना सके, इसके अलावा तिलक वर्मा भी 13 रन बनाकर अहम समय पर अपना विकेट गंवा बैठे थे। अब दोनों टीमों के बीच में इस सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला 4 जुलाई को मैनचेस्टर के स्टेडियम में खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
इंग्लैंड में अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, तोड़ा एविन लुईस का बहुत बड़ा रिकॉर्ड
ईशान किशन के रनआउट पर भड़के अभिषेक शर्मा, बोले- क्या कर रहा है यार?