भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का आगाज होने में अब केवल दो ही दिन का वक्त और है। दोनों टीमें टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खत्म कर अब वनडे की तैयारी शुरू करने वाली हैं, इससे पहले ही एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है। पता चला है कि न्यूजीलैंड के दो खिलाड़ी वनडे सीरीज के शुरू होने से पहले ही बाहर हो गए हैं, ऐसे में न्यूजीलैंड को अपने वनडे स्क्वाड में बदलाव करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र नहीं खेल पाएंगे वनडे सीरीज के मुकाबले
पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच 4 नवंबर को खेला जाएगा। इसके लिए टीम का ऐलान पहले ही कर दिया गया था। इस बीच पता चला है कि न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र अभी तक अपनी चोट से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं। वैसे तो दोनों खिलाड़ी टी20 सीरीज भी खेलते हुए नजर आते, लेकिन चोट के कारण वे इससे बाहर रहे। अब उनका वनडे सीरीज में भी खेलना करीब करीब नामुमकिन सा नजर आता है। मार्क चैपमैन हैमस्ट्रिंग से जूझ रहे हैं। पता चला है कि उन्हें पूरी तरह से फिट होने में अभी करीब दो सप्ताह का वक्त लग जाएगा। रचिन रवींद्र की बात की जाए तो उनका कंधा एक प्रमोशनल शूट के दौरान खिसक गया था। उन्हें भी मैदान में उतरने में अभी वक्त लगेगा।
न्यूजीलैंड ने किए अपनी वनडे टीम में बदलाव
इस बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से बताया गया है कि टिम सिफर्ट को पहले तीन वनडे के लिए टीम में शामिल कर लिया गया है। भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के दौरान वे ही पारी का आगाज कर रहे और अच्छे फार्म में भी दिख रहे हैं। इससे पहले वे आखिरी के दो वनडे मैचों के लिए टीम में शामिल किए गए थे। यानी अब सिफर्ट पूरे पांच मैचों की सीरीज खेलेंगे। इतना ही नहीं, क्रिकेट बोर्ड ने हेनरी निकोल्स और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को भी टीम में शामिल कर लिया है। निकोल्स केवल पहले मैच के लिए आए हैं, वहीं फॉक्सफ्रॉफ्ट आखिरी दो वनडे मैचों में टीम के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे। मैट फिशर भी अब सारे मैचों में खेल सकते हैं। पहले वे केवल आखिरी के दो मैच खेल रहे थे, लेकिन अब पहले तीन मैचों के लिए भी उन्हें टीम में जगह दी गई है।
भारत के खिलाफ पहले तीन ODI मैचों के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनर।
भारत के खिलाफ आखिरी दो ODI मैचों के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन ऐलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग।
यह भी पढ़ें
कब से शुरू होगी भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज, नोट कीजिए पूरा शेड्यूल
न्यूजीलैंड दौरे के बीच आई बुरी खबर, ऋषभ पंत लगातार तीसरे मैच से हुए बाहर, पहले टेस्ट पर भी लटकी तलवार
Latest Cricket News