1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. न्यूजीलैंड दौरे के बीच आई बुरी खबर, ऋषभ पंत लगातार तीसरे मैच से हुए बाहर, पहले टेस्ट पर भी लटकी तलवार

न्यूजीलैंड दौरे के बीच आई बुरी खबर, ऋषभ पंत लगातार तीसरे मैच से हुए बाहर, पहले टेस्ट पर भी लटकी तलवार

 Written By: Vanson Soral
 Published : Nov 01, 2026 06:35 pm IST,  Updated : Nov 01, 2026 06:41 pm IST

ऋषभ पंत न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे और आखिरी अनऑफिशियल टेस्ट मैच से भी बाहर हो गए हैं। ईरानी कप के दौरान उन्हें साइड स्ट्रेन की चोट लगी थी।

Rishabh Pant- India TV Hindi
ऋषभ पंत Image Source : AFP

न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम के लिए बुरी खबर आई है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की मैदान पर वापसी का इंतजार और लंबा हो सकता है। साइड स्ट्रेन की चोट से जूझ रहे पंत न्यूजीलैंड ए के खिलाफ होने वाले तीसरे और आखिरी अनऑफिशियल टेस्ट मैच से भी बाहर हो गए हैं। उन्हें एहतियात के तौर पर इस मुकाबले में नहीं उतारने का फैसला किया गया है। ऐसे में 19 नवंबर से शुरू होने वाली भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में उनके खेलने को लेकर भी संशय पैदा हो गया है।

ऋषभ पंत को इससे पहले न्यूजीलैंड ए के खिलाफ शुरुआती दोनों मुकाबलों से भी बाहर रहना पड़ा था। उन्हें ईरानी कप के दौरान साइड स्ट्रेन की परेशानी हुई थी, जिसके बाद से वह क्रिकेट के मैदान से दूर हैं। भारतीय टीम के लिए यह चोट ऐसे समय पर चिंता का विषय बन गई है, जब उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।

ऋषभ पंत की वापसी पर टिकी निगाहें

BCCI एक सूत्र के मुताबिक, पंत को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट से एहतियात के तौर पर बाहर रखा गया है। हालांकि, उन्होंने नेट्स पर स्किल ट्रेनिंग शुरू कर दी है और फिलहाल उन्हें किसी तरह का दर्द भी महसूस नहीं हो रहा है। इसके बावजूद उनकी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी को लेकर कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है।

पंत के लिए न्यूजीलैंड ए के खिलाफ ये मुकाबले टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिहाज से काफी अहम थे। इन मैचों के जरिए उन्हें लंबे फॉर्मेट में अपनी लय और मैच फिटनेस हासिल करने का मौका मिल सकता था। लेकिन लगातार तीन मुकाबलों से बाहर रहने के कारण अब उनके पास टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास का समय काफी कम रह गया है।

19 नवंबर से टेस्ट सीरीज का आगाज

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन में खेला जाएगा। ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट की नजरें पंत की फिटनेस पर टिकी होंगी। उनकी वापसी कब होगी, इसे लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है। गौरतलब है कि ऋषभ पंत अब भारतीय टीम के लिए सिर्फ टेस्ट फॉर्मेट में खेल रहे हैं। वह पहले ही सीमित ओवरों की टीम में अपनी जगह गंवा चुके हैं। ऐसे में टेस्ट क्रिकेट में उनकी उपलब्धता भारतीय टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही है।

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें:

मिचेल सैंटनर ने रचा इतिहास, बने न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा T20I मैच खेलने वाले खिलाड़ी

ग्लेन फिलिप्स ने मचाया तहलका, टीम इंडिया के खिलाफ रनों का अंबार लगाकर तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।