भारत और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीमों के बीच दूसरा टी20 मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया, जिसे टीम इंडिया ने 9 विकेट से अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया इस सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल करने में कामयाब रही। इस मैच में जिम्बाब्वे ने टॉस जीता और उन्होंने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाने में कामयाब रही। भारत ने 103 रन के टारगेट को 1 विकेट के नुकसान पर 8.5 ओवर में हासिल कर लिया। इस मैच में टीम इंडिया के लिए शैफाली वर्मा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
जिम्बाब्वे महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाए। जिम्बाब्वे की पारी की बात करें तो कप्तान जोसेफिन एनकोमो ने नाबाद 27 रन बनाए। अपनी 35 गेंदों की पारी के दौरान उन्होंने दो चौके लगाए। जबकि नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आई चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने सबसे ज्यादा 32 गेंदों में 34 रनों की शानदार पारी खेली, इसमें 5 चौके शामिल रहे। इनके अलावा मोडेस्टर मुपाचिकवा ने 9 रन, बेलोव्ड बिजा ने 7 रन, मिशेल मावुंगा ने 4 रन बनाए, जबकि केलिस न्धलोवु और न्याशा ग्वानजुरा अपना खाता भी नहीं खोल सकीं और डक पर आउट हो गईं। भारत की तरफ से गेंदबाजी में निक्सी प्रसाद ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके, जबकि क्रांति गौड़, नंदानी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरानी को 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम ने शुरुआत से ही शानदार आक्रामक रुख अपनाया और इस मुकाबले में महज 8.5 ओवरों में ही 1 विकेट के नुकसान पर 104 रन बनाकर मैच आसानी से 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। भारत की इस तूफानी जीत में ओपनर शेफाली वर्मा ने बेहद विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने मात्र 25 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 55 रनों की शानदार पारी खेली। जबकि कप्तान स्मृति मंधाना ने भी उनका पूरा साथ देते हुए 25 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 47 रन बनाए। इसके अलावा अनुष्का शर्मा 1 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि भारत का एकमात्र विकेट शेफाली वर्मा के रूप में गिरा।
मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI:
भारतीय महिला टीम - शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना (कप्तान), अनुष्का शर्मा, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, नंदिनी शर्मा, क्रांति गौड़
जिम्बाब्वे महिला टीम - न्याशा ग्वानज़ुरा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, बिलव्ड बिजा, जोसेफ़िन नकोमो (कप्तान), मोडेस्टर मुपाचिकवा (विकेटकीपर), मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिंडर चारे, तेंदई मकुशा, शार्ने मेयर्स
सीरीज का पहला मैच जीतकर भारतीय टीम पहले ही बढ़त बना चुकी है। वहीं इस मैच को जीतकर टीम इंडिया इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने में कामयाब रही। अब तीसरा मैच जीतकर टीम इंडिया जिम्बाब्वे का क्लीन स्वीप करना चाहेगी।
Latest Cricket News