1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 92 रनों से हराकर बनाया नया रिकॉर्ड, घरेलू मैदान पर मिली सबसे बड़ी जीत

टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 92 रनों से हराकर बनाया नया रिकॉर्ड, घरेलू मैदान पर मिली सबसे बड़ी जीत

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अंतिम टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 92 रन से हराकर 3 मैचों की सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 216 रन बनाए, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम सिर्फ 124 रन ही बना सकी।

Indian Womens Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय महिला टीम

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 92 रनों से हराकर एक नया रिकॉर्ड बना दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने घरेलू मैदान पर टी20 फॉर्मेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। रायपुर में खेले गए मैच में जिम्बाब्वे को 92 रनों के बड़े अंतर से हराकर टीम ने यह नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। घरेलू सरजमीं पर रनों के लिहाज से T20I इतिहास में भारतीय महिला टीम की यह सबसे बड़ी जीत है।

घरेलू मैदान पर भारत की सबसे बड़ी जीत

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने घर में खेलते हुए टी20 मैचों में कई बड़ी और शानदार जीत हासिल की हैं। इसमें सबसे बड़ी जीत इसी मुकाबले में रायपुर के मैदान पर जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली है। इस मैच को टीम इंडिया ने 92 रनों से अपने नाम किया। इससे पहले साल 2016 में बेंगलुरु में बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय महिला टीम को 72 रनों से जीत मिली थी। वहीं 2024 में मुंबई में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 60 रनों से हराया था। वहीं 2019 में सूरत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम ने 51 रनों से बड़ी जीत दर्ज की थी।

हरमनप्रीत कौर ने 41 गेंदों में बनाए नाबाद 91 रन

मुकाबले की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 216 रन का बड़ा स्कोर बनाया। शुरुआत में शैफाली वर्मा और अनुष्का शर्मा ने पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े, जिसमें अनुष्का 28 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद टीम ने 68 के स्कोर पर निकी प्रसाद (9) का विकेट भी गंवा दिया। इसके बाद क्रीज पर उतरीं हरमनप्रीत कौर ने शैफाली के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 84 रनों की शानदार साझेदारी की और टीम का स्कोर 152 तक पहुंचाया, जहां शैफाली 69 रन बनाकर आउट हुईं। हरमनप्रीत अंत तक नाबाद रहते हुए सिर्फ 41 गेंदों में 5 छक्कों और 10 चौकों की मदद से शानदार 91 रनों की पारी खेली।

जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी रही फ्लॉप

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। जिम्बाब्वे की टीम ने पहली ही गेंद पर केलिस न्धलोवु (0) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद 12 रन तक मोडेस्टर मुपाचिकवा (1) का विकेट भी गिर गया। इसके बाद शार्न मायर्स और बिजा ने तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी करके पारी को संभालने की पूरी कोशिश की, लेकिन पूरी पारी के दौरान जिम्बाब्वे का रन रेट काफी स्लो रहा, जिसकी वजह से पूरी टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 124 रन ही बना पाई। भारत की तरफ से नंदनी शर्मा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

यह भी पढ़ें

स्कॉट बोलैंड ने गेंद से बरपाया कहर, 5 विकेट हॉल लेने वाले बने दूसरे सबसे उम्रदराज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज

शैफाली वर्मा ने 5 छक्के लगाकर रच दिया इतिहास, तोड़ा हरमनप्रीत कौर का बड़ा रिकॉर्ड

Latest Cricket News