लॉस एंजिल्स में साल 2028 में ओलंपिक गेम्स का आयोजन किया जाना है, जिसमें क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। इसमें कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी जिसको लेकर आईसीसी ने पहले ही क्वालिफिकेशन करने के नियमों का ऐलान कर दिया था। भारतीय क्रिकेट टीम जो अभी तो आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में नंबर-1 की पोजीशन पर काबिज है उसके डायरेक्ट क्वालिफिकेशन का रास्ता लगभग साफ दिख रहा था। लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ जारी 5 मैचों की टी20 सीरीज के तीन मैचों को गंवाने के बाद जहां टीम इंडिया की नंबर-1 पोजीशन भी अब खतरे में दिख रही है तो वहीं ओलंपिक के डायरेक्ट क्वालिफिकेशन को लेकर भी टेंशन बढ़ गई है।
प्रदर्शन में हुई गिरावट तो डायरेक्ट क्वालिफिकेशन से धोना पड़ सकता हाथ
आईसीसी की तरफ से मेंस इवेंट के लिए ओलंपिक 2026 के क्वालिफिकेशन को लेकर जो नियम जारी किए गए थे, उसमें एशिया, यूरोप, अफ्रीका और ओशिनिया महाद्वीप से टॉप रैंक की एक-एक टीम को जहां सीधे क्वालिफिकेशन मिलेगा तो वहीं यूएसए को मेजबान देश होने के नाते पहले ही सीधे क्वालीफाई कर चुकी है। इसके बाद साल 2026 के अंत तक टॉप पर रहने वाली हर महाद्वीप की टीम को डायरेक्ट क्वालिफिकेशन मिलेगी। वहीं छठी टीम का फैसला क्वालिफायर्स के जरिए होगा। भारतीय टीम अभी एशिया महाद्वीप में टी20 टीम रैंकिंग मामले में पहले नंबर पर काबिज है लेकिन जिस तरह से हाल में प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली है उसके बाद यदि ये जारी रहता है उस स्थिति में टीम रैंकिंग भी नीचे आ सकती है। ऐसे में इसका फायदा पाकिस्तान को मिल सकता है। भारतीय टीम के अभी टी20 टीम रैंकिंग में पहले नंबर पर है जिसमें उनके कुल 269 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। वहीं पाकिस्तानी टीम छठे नंबर पर है और उनके कुल 240 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। ऐसे में यदि टीम इंडिया अपने प्रदर्शन में सुधार नहीं लाती है और पाकिस्तान साल के अंत तक बेहतर करती है तो इस स्थिति में वह एशिया की टॉप रैंक टीम बन सकती है और ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालीफाई टिकट हासिल कर लेगी।
टीम इंडिया को अभी इस साल खेलनी है चार द्विपक्षीय टी20 सीरीज
भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के खत्म होने के बाद इस फॉर्मेट में साल के आखिर तक चार और द्विपक्षीय सीरीज खेलनी है। इसमें जिम्बाब्वे के दौरे पर जुलाई के आखिर में तीन मैचों की सीरीज है तो वहीं घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ अक्टूबर महीने की शुरुआत में 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। टीम इंडिया को अक्टूबर-नवंबर महीने में न्यूजीलैंड के दौरे पर 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है तो वहीं इसके बाद साल के आखिर में श्रीलंका के खिलाफ घर पर तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है।
ये भी पढ़ें
श्रेयस अय्यर के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड, लगातार 5 टी20 मैच हारने वाले बने पहले भारतीय कप्तान
इंग्लैंड से सीरीज हार पर कप्तान अय्यर ने युवा प्लेयर्स को लेकर दिया बयान, कहा- यह बदलाव का दौर है, हम गलतियां करेंगे
Latest Cricket News