भारतीय टीम को टी20 इंटरनेशनल में लगातार दूसरी सीरीज हार का सामना श्रेयस अय्यर की कप्तानी में करना पड़ा है। टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में एकतरफा 9 विकेट से हार मिली। ब्रिस्टल के मैदान पर खेले गए सीरीज के चौथे मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए थे। इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने 13.5 ओवर्स में सिर्फ एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने लगभग 12 साल के बाद इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में हार का सामना किया है। वहीं सीरीज हार के बाद टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने युवा खिलाड़ियों और टीम जारी बदलाव के दौर को बड़ा कारण बताया।
यह बदलाव का दौर है और हम बहुत सी गलतियां करेंगे
श्रेयस अय्यर ने ब्रिस्टल में खेले गए टी20 मैच में शर्मनाक हार और सीरीज गंवाने के बाद दिए अपने बयान में कहा कि यह बदलाव का दौर है और हम बहुत सी गलतियां करेंगे। आप देख रहे हैं कि कई युवा खिलाड़ी यहां इन हालात में पहली बार खेल रहे हैं। इसलिए गलतियां निश्चित रूप से उन्हें यह एहसास कराएंगी कि विदेशी परिस्थितियों में ढलना और उस तरह की समझ रखना कितना महत्वपूर्ण है। यह महत्वपूर्ण है कि आप अपनी गलतियों से जल्दी सीखें ताकि आखिर में टीम को भी इसका लाभ मिले। मुझे यकीन है कि टीम में जल्दी सीखने वाले खिलाड़ी हैं और वह खुद का आकलन करेंगे और अगले मैच में किस तरह मजबूती से वापसी की जा सके।
हमने इस मैच में स्कोर काफी कम बनाया था
ब्रिस्टल टी20 में हार को लेकर श्रेयस अय्यर ने कम स्कोर को बड़ा कारण बताया जिसमें उन्होंने कहा कि हमने इस मैच जो 158 रनों का स्कोर बनाया था वह काफी कम था और उन्होंने इसे काफी जल्दी हासिल कर लिया। जब हम गेंदबाजी करने आए तो मैंने अपने गेंदबाजों से कहा कि वे जितना हो सके मिडिल-स्टंप और लेग-स्टंप के ऊपरी हिस्से की तरफ गेंदबाजी करें क्योंकि वहां से शॉट खेलना और बाउंड्री लगाना बहुत मुश्किल था। इसलिए मुझे लगता है कि हम अपनी प्लानिंग को सही तरीके से लागू करने में थोड़ा पीछे रह गए। निश्चित रूप से मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं, लेकिन देखिए अगर इससे जीत नहीं मिलती तो इसका कोई खास मतलब नहीं रह जाता। इसलिए इस बात से निराशा है क्योंकि जब भी मैं खेलता हूं तो अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं और यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि टीम को जीत मिला लेकिन आज का दिन हमारे पक्ष में नहीं था। अब हमें अगले मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड में लगातार तीसरे मैच में फ्लॉप, एक बार फिर बने जोफ्रा आर्चर का शिकार
इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया को दोहरा झटका, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा T20I सीरीज से बाहर