1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कप्तान श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, इंग्लैंड में लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, विराट कोहली की कर ली बराबरी

कप्तान श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, इंग्लैंड में लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, विराट कोहली की कर ली बराबरी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 10, 2026 12:14 am IST,  Updated : Jul 10, 2026 12:15 am IST

इंग्लैंड के खिलाफ चौथे T20I में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने 80 रन की शानदार पारी खेलकर इतिहास रच दिया। वह इंग्लैंड में किसी द्विपक्षीय T20I सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।

Shreyas Iyer- India TV Hindi
श्रेयस अय्यर Image Source : AFP

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे T20I मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक साथ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर अहम मुकाबले में अय्यर ने दबाव के बीच जिम्मेदारी भरी पारी खेली और इतिहास रच दिया। उनकी शानदार बल्लेबाजी ने टीम इंडिया को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सीरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने 80 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ T20I क्रिकेट में बतौर भारतीय कप्तान सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। विराट ने कप्तान के तौर पर इंग्लैंड के खिलाफ 20 मार्च 2021 को 80 रनों की पारी खेली थी। 

अय्यर की इस धमाकेदार पारी की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 158 रन बनाए। अय्यर ने अपनी पारी के दौरान संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। उन्होंने 49 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 5 छक्के निकले।

इंग्लैंड में बनाया नया भारतीय रिकॉर्ड

ब्रिस्टल में 80 रन की पारी खेलते हुए श्रेयस अय्यर ने मौजूदा T20I सीरीज में अपने रन 190 तक पहुंचा दिए। इस तरह वह इंग्लैंड में किसी एक द्विपक्षीय T20I सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज 171 रन बनाए थे। अय्यर ने शानदार फॉर्म के दम पर इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

दुनिया के पहले कप्तान बने

श्रेयस अय्यर ने सिर्फ भारतीय रिकॉर्ड ही नहीं तोड़ा, बल्कि एक अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह इंग्लैंड में खेली गई किसी द्विपक्षीय T20I सीरीज में दो 50+ स्कोर बनाने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन गए हैं। इससे पहले किसी भी कप्तान ने इंग्लैंड में आयोजित किसी द्विपक्षीय T20I सीरीज में दो अर्धशतक नहीं लगाए थे।

यह भी पढ़ें:

वैभव सूर्यवंशी के सिलेक्शन पर सूर्यकुमार यादव ने जताई खुशी, पोस्ट कर लिखा तुमने इसे कमाया है

श्रेयस अय्यर की शर्मनाक क्लब में एंट्री, अपने शुरुआती दो T20I मैच हारने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बने

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल