1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रेयस अय्यर की शर्मनाक क्लब में एंट्री, अपने शुरुआती दो T20I मैच हारने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बने

श्रेयस अय्यर की शर्मनाक क्लब में एंट्री, अपने शुरुआती दो T20I मैच हारने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बने

 Written By: Vanson Soral
 Published : Jun 29, 2026 07:34 am IST,  Updated : Jun 29, 2026 07:34 am IST

आयरलैंड के खिलाफ लगातार दो T20 मुकाबले हारने के साथ श्रेयस अय्यर भारत के दूसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने शुरुआती दोनों T20I मैच गंवाए। इससे पहले यह शर्मनाक रिकॉर्ड सिर्फ ऋषभ पंत के नाम था।

Shreyas Iyer- India TV Hindi
श्रेयस अय्यर Image Source : AFP

भारतीय टीम के लिए T20 कप्तानी का आगाज श्रेयस अय्यर ने जिस अंदाज में किया, वैसा शायद उन्होंने भी नहीं सोचा होगा। आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज में टीम इंडिया को लगातार दो हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही अय्यर के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे कोई भी कप्तान अपने करियर की शुरुआत में नहीं देखना चाहेगा।

जून 2026 में आयरलैंड दौरे पर पहली बार T20I क्रिकेट में भारत की कप्तानी संभालने वाले श्रेयस अय्यर अपनी टीम को एक भी जीत नहीं दिला सके। 26 जून को बेलफास्ट में खेले गए पहले मुकाबले में भारत को 34 रन से हार मिली। इसके बाद 28 जून को दूसरे T20I में आयरलैंड ने रोमांचक मुकाबले में एक रन से जीत दर्ज कर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।

अय्यर के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड

इन लगातार दो हार के साथ 31 साल के श्रेयस अय्यर भारत के दूसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने T20I कप्तानी के अपने शुरुआती दोनों मुकाबले गंवाए हैं। इससे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड सिर्फ ऋषभ पंत के नाम था। पंत ने जून 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू T20I सीरीज में कप्तानी की शुरुआत की थी और शुरुआती दोनों मैच हार गए थे।

कप्तानी ही नहीं, बल्लेबाजी में भी अय्यर का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। पहले T20I में उन्होंने सात गेंदों पर सिर्फ तीन रन बनाए, जबकि दूसरे मुकाबले में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सात गेंदों में 10 रन ही बना सके। इस सीरीज में भारत की हार कई मायनों में ऐतिहासिक रही। अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया को पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट में आयरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। यही नहीं, भारत पहली बार आयरलैंड से T20I सीरीज भी हार गया। इसके अलावा टीम इंडिया का लगातार 16 T20I सीरीज जीतने का शानदार सिलसिला भी यहीं समाप्त हो गया।

इंग्लैंड दौरे पर टिकी निगाहें

अय्यर के पास अब इंग्लैंड दौरे पर वापसी का मौका होगा। भारतीय टीम अगले सप्ताह इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां दोनों देशों के बीच पांच T20I और तीन ODI मैचों की सीरीज खेली जाएगी। T20I सीरीज में कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर श्रेयस अय्यर के कंधों पर होगी, जबकि ODI टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ 1 जुलाई से शुरू होने वाली T20I सीरीज में अय्यर की नजर हार के इस सिलसिले को तोड़ने पर होगी।

यह भी पढ़ें:

कप्तान श्रेयस अय्यर ने खराब बल्लेबाजी को बताया हार का बड़ा कारण, कहा - हम पिच को बेहतर तरीके से नहीं समझ सके

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की शर्मनाक शुरुआत, साल 2023 के बाद पहली बार गंवाई टी20 सीरीज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल