Highlights
- अमेरिका के एरी शहर में गोलीबारी की घटना में 2 बच्चों समेत कम से कम 9 लोगों की मौत।
- पुलिस को शुक्रवार शाम पांच बजे हथियारबंद व्यक्ति के गोली चलाने की सूचना मिली थी।
- पुलिस प्रमुख ने कहा, अपने 28 साल से ज्यादा के करियर में ऐसी घटना नहीं देखी।
एरी: अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के एरी शहर में अंधाधुंध गोलीबारी की घटना में 2 बच्चों और हमलावर समेत कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार शाम हुई इस घटना के बाद कई घंटों तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी करने वाला संदिग्ध भी मृत पाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसने खुद को गोली मार ली थी। अधिकारियों ने कहा है कि अब आम लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।
गोलीबारी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
CBS न्यूज ने स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के हवाले से बताया कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजे पुलिस को पेरी स्ट्रीट पर एक हथियारबंद व्यक्ति के गोली चलाने की सूचना मिली। चश्मदीदों के मुताबिक, गोली चलाने के बाद वह एक घर के अंदर चला गया था। सूचना मिलते ही कानून प्रवर्तन अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां सड़क पर 2 महिलाओं के शव मिले। इसके बाद पुलिस ने घर के अंदर तलाशी ली, जहां गोलीबारी के अन्य पीड़ित भी मिले।
घर के अंदर मृत मिला संदिग्ध हमलावर
अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी का संदिग्ध भी घर के अंदर मृत पाया गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि उसने खुद को गोली मारकर जान दी। हालांकि, अधिकारियों ने घटना और संदिग्ध के बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं की है। शहर प्रशासन ने बताया कि गोलीबारी में 8 लोगों की मौत हुई है और हमलावर भी मारा गया। हमलावर को मिलाकर इस घटना में कुल 9 लोगों की जान गई है।
'अपने करियर में ऐसा कुछ नहीं देखा'
एरी के पुलिस प्रमुख रिक लोराह ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने एक स्थानीय न्यूज चैनल से कहा,
'अपने 28 साल से ज्यादा के करियर में मैंने ऐसा कुछ नहीं देखा है। मुझे नहीं लगता कि एरी शहर ने कभी इतनी जानों का नुकसान और इतनी तबाही देखी है, जितनी हमने अभी देखी है।'
पुलिस प्रमुख के बयान से घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, अधिकारियों ने गोलीबारी के पीछे की वजह और संदिग्ध के मकसद को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
गवर्नर ने मेयर को मदद का भरोसा दिया
पेंसिल्वेनिया के गवर्नर जोश शापिरो ने शनिवार को कहा कि उन्होंने एरी की मेयर डारिया डेव्लिन को अपने प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग देने की पेशकश की है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और प्रभावित लोगों की मदद में जुटा है। एरी शहर पेंसिल्वेनिया के प्रमुख शहर पिट्सबर्ग से करीब 117 मील यानी 188 किलोमीटर उत्तर में स्थित है। गोलीबारी की इस घटना ने पूरे इलाके में चिंता बढ़ा दी है। बता दें कि अप्रैल में अमेरिका के लुइसियाना में घरेलू झगड़े में भीषण गोलीबारी हुई थी जिसमें 8 बच्चों की मौत हो गई थी। (AP से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढ़ें: अमेरिका की वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में फायरिंग, संदिग्धों ने 5 लोगों को मारी गोली