इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज में लगातार हार से जूझ रही टीम इंडिया की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सीरीज में वापसी की उम्मीदों के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण बाकी बचे दोनों T20I मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।
BCCI ने आधिकारिक बयान जारी कर ये जानकारी दी। हर्षित और वरुण दोनों खिलाड़ियों को ट्रेंट ब्रिज में तीसरे T20I मैच के दौरान इंजरी हुई थी। मेडिकल टीम की जांच के बाद उन्हें चौथे और पांचवें T20I मुकाबले से बाहर कर दिया गया है।BCCI ने अपने बयान में कहा कि हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती को इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे T20I मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी। BCCI की मेडिकल टीम ने उनका आकलन किया है और उन्हें चौथे व पांचवें T20I से बाहर कर दिया गया है।
चौथे T20I से पहले टॉस के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि चौथे T20I के लिए वॉशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। श्रेयस अय्यर ने कहा कि हमारी टीम में दो बदलाव हैं। दरअसल, वरुण और हर्षित चोटिल हो गए हैं, इसलिए उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा खेलेंगे।
भारत के लिए बढ़ी मुश्किलें
वरुण चक्रवर्ती हाल ही में पैर की अंगुली में फ्रैक्चर से उबरकर टीम में लौटे थे। इसी कारण वह आयरलैंड के खिलाफ T20I सीरीज नहीं खेल पाए थे, जहां भारत को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड सीरीज में उनकी वापसी से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब चोट के कारण उनका बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका है। वहीं, तेज गेंदबाज हर्षित राणा के लिए यह लगातार दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले घुटने की चोट के कारण वह T20 कप से बाहर हो गए थे और उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ी थी। इसके चलते वह पूरा IPL सीजन भी नहीं खेल सके थे। आयरलैंड सीरीज में वापसी के बाद अब फिर चोट ने उन्हें टीम से बाहर कर दिया है।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम कुरेन, विल जैक्स, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग।
भारत (प्लेइंग इलेवन): अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
यह भी पढ़ें:
हर्षित राणा टीम में क्यों हैं? आर अश्विन ने टीम सिलेक्शन पर उठाए सवाल, कही ये बड़ी बात
हर्षित राणा का बड़ा कारनामा, जसप्रीत बुमराह के साथ इरफान पठान को भी पछाड़ा