भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए थे, जिसमें चोटिल ईशान किशन और मयंक यादव जहां बाहर हुए तो वहीं वैभव सूर्यवंशी और प्रिंस यादव को शामिल किया गया। फैंस की नजरें सबसे ज्यादा 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर थी, जिनके मैदान पर उतरने का इंतजार बेसब्री से किया जा रहा था। वैभव सूर्यवंशी ने अपना पिछला मुकाबला एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था, जिसके बाद उनको अब खेलने का मौका मिला लेकिन वैभव क्राइस्टचर्च में खेले गए मैच में अपने बल्ले का कमाल दिखा पाने में कामयाब नहीं हो सके और उनका एक अनोखा सिलसिला भी इसी के साथ खत्म हो गया।
पहली बार टी20 इंटरनेशनल में सिंगल डिजिट स्कोर पर वैभव लौटे पवेलियन
वैभव सूर्यवंशी ने जब टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड के खिलाफ अपना डेब्यू मुकाबला खेला था उसमें उन्होंने 14 रन बनाए थे, इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच से उतरने से पहले वैभव ने कुल 7 और टी20 मैच खेले जिसमें वह दहाई का आंकड़ा अपनी पारी में पार करने में कामयाब रहे थे जिसमें दो मैचों में उनके बल्ले से अर्धशतकीय पारी भी देखने को मिली थी। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी जब नंबर-3 की पोजीशन पर बल्लेबाजी करने उतरे तो वह सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए जिसमें वह पहली बार टी20 इंटरनेशनल में सिंगल डिजिट स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे।
अब तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर रहेंगी नजरें
टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में वैभव सूर्यवंशी को ईशान किशन के चोटिल होने की वजह से शामिल किया गया था, जिसके बाद अब यदि तीसरे टी20 मुकाबले तक ईशान किशन पूरी तरह से फिट नहीं हो पाते हैं तो उस स्थिति में वैभव के पास खुद को साबित करने का मौका मिल सकता है और ऐसे में सभी की नजरें उनको लेकर रहने वाली हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच में इस सीरीज का तीसरा मुकाबला 27 अक्टूबर को वेलिंग्टन के स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया की नजरें पहले दो मैचों को अपने नाम करने के बाद अब सीरीज में अजेय बढ़त लेने को लेकर रहने वाली हैं।
ये भी पढ़ें