भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का लगातार टी20 इंटरनेशनल में शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है और वह हर मैच के साथ लगातार कई नए रिकॉर्ड बनाते जा रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा भले ही 27 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए लेकिन वह एक ऐसा कारनामा करने में कामयाब रहे जिसके दम पर इतिहास रच दिया। टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले में छक्कों का शतक पूरा करने वाले अभिषेक शर्मा अब वर्ल्ड क्रिकेट में पहले खिलाड़ी बन गए हैं तो वहीं इसके अलावा वह एक और बड़ा कारनामा करने में कामयाब हुए हैं।
अभिषेक ने पूरा किया स्पेशल शतक
टी20 इंटरनेशनल में अभिषेक शर्मा ने जहां न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज पहले मैच में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा था, तो वहीं दूसरे मुकाबले में वह एक छक्के के दम पर पावरप्ले में 100 छक्के पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। अभिषेक शर्मा के करियर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने अब तक 69 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें 147 छक्के लगाने में कामयाब रहे और इसमें से 100 छक्के उन्होंने शुरुआती पहले 6 ओवर्स के अंदर जड़े हैं।
टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
- अभिषेक शर्मा (भारत) - 100 छक्के
- रोहित शर्मा (भारत) - 98 छक्के
- मार्टिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड) - 97 छक्के
- पॉल स्टर्लिंग (आयरलैंड) - 94 छक्के
- क्विंटन डी कॉक (साउथ अफ्रीका) - 87 छक्के
एक साल में T20I में हजार रन पूरे करने वाले अभिषेक बने पहले भारतीय ओपनर
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में अभिषेक शर्मा अपनी 27 रनों की पारी के दम पर साल 2026 में बतौर ओपनिंग बल्लेबाज हजार रनों का आंकड़ा भी पूरा करने में कामयाब हो गए। अभिषेक अब पहले ऐसे भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज बन गए हैं जो टी20 इंटरनेशनल में एक साल में हजार रन पूरे करने में कामयाब हुए हैं। वहीं तीसरे ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने T20I में एक साल में हजार या उससे अधिक रन बनाए हैं। अभिषेक से पहले साल 2022 में सूर्यकुमार यादव ने 1164 रन जबकि ईशान किशन ने इसी साल अब तक 1159 रन बनाए हैं।
ये भी पढ़ें
तिलक-नीतीश ने ध्वस्त किया 17 साल पुराना रिकॉर्ड, इस मामले में बन गई नंबर-1 भारतीय जोड़ी