1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हर्षित राणा का बड़ा कारनामा, जसप्रीत बुमराह के साथ इरफान पठान को भी पछाड़ा

हर्षित राणा का बड़ा कारनामा, जसप्रीत बुमराह के साथ इरफान पठान को भी पछाड़ा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jan 11, 2026 11:56 pm IST,  Updated : Jan 11, 2026 11:56 pm IST

IND vs NZ: भारत ने ODI सीरीज में धमाकेदार आगाज किया। न्यूजीलैंड को पहले मैच में 4 विकेट से मात दी। इस मैच में हर्षित राणा ने गेंद और बल्ले से दोनों से योगदान दिया।

Harshit Rana- India TV Hindi
भारतीय क्रिकेट टीम Image Source : PTI

Harshit Rana: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वडोदरा में खेले गए पहले ODI मुकाबले के दौरान टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान दिया। हर्षित राणा ने 2 अहम विकेट अपने नाम किए। उन्होंने न्यूजीलैंड की सलामी जोड़ी को पवेलियन का रास्ता दिखाया। हर्षित राणा ने सबसे पहले हेनरी निकोल्स को चलता किया। इसके बाद डेवान कॉन्व को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके साथ ही उन्होंने बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। हर्षित राणा ने अपने छोटे से ODI करियर में ही ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिससे उन्होंने न सिर्फ जसप्रीत बुमराह, बल्कि भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान को भी खास लिस्ट में पीछे छोड़ दिया है।

हर्षित राणा निकले बुमराह से आगे

दरअसल, भारत के लिए ODI क्रिकेट में पहली 12 पारियों के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में हर्षित राणा अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। हर्षित ने 12 ODI पारियों में कुल 23 विकेट झटके हैं। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ अजीत अगरकर हैं, जिन्होंने अपने शुरुआती 12 ODI मैचों में 29 विकेट लिए थे। इस खास लिस्ट में जसप्रीत बुमराह तीसरे स्थान पर हैं। बुमराह ने भारत के लिए ODI करियर की पहली 12 पारियों में 22 विकेट हासिल किए थे, जबकि इरफान पठान ने इतने ही मैचों में 21 विकेट चटकाए थे। हर्षित राणा ने इन दोनों दिग्गज गेंदबाजों को पीछे छोड़ते हुए अपनी प्रतिभा का दमदार परिचय दिया है।

12 ODI पारियों के बाद सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज

  • 29 - अजीत अगरकर
  • 23 - हर्षित राणा
  • 22 - जसप्रीत बुमराह
  • 21 - इरफान पठान

टीम इंडिया ने जीत से किया आगाज

वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले गए पहले ODI में हर्षित राणा ने गेंदबाजी से ही नहीं बल्कि बल्ले से भी प्रभावित किया। उन्होंने टीम इंडिया की बल्लेबाजी लड़खड़ाने पर केएल राहुल के साथ मिलकर पारी को संभाला और तेजी से रन बटोरते हुए कीवी गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेलने का काम किया। उन्होंने 23 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 29 रनों की पारी खेली। पहले ODI मैच की बात करें, तो न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 300 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर 49 ओवर में 301 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।

यह भी पढ़ें:

अवॉर्ड्स जीतने के बाद किसे भेजते हैं विराट कोहली, दूसरे वनडे मैच के बाद खोला बड़ा राज

सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से अभी भी इतने रन दूर कोहली, क्या बन पाएंगे ODI के बादशाह?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल