India vs Australia ODI Series: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा वनडे मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम एक बार फिर टॉस हार गई है। भारत ने वनडे क्रिकेट में यह लगातार 18वां टॉस हारा है। इस दौरान कप्तान बदले, टीम भी बदली, लेकिन टॉस हारने की किस्मत नहीं बदल पाई। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों वनडे मैचों में कप्तान शुभमन गिल थे और तीनों ही मैचों में भारत ने टॉस हारा है।
पहले ही सीरीज हार चुकी है भारतीय टीम
भारतीय क्रिकेट टीम को पहले वनडे मैच में 7 विकेट और दूसरे वनडे मैच में 2 विकेट से हार का मुंह देखना पड़ा था। दोनों ही मैचों में भारतीय टीम के गेंदबाज और बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। टीम पहले ही सीरीज हार चुकी है और अब तीसरे वनडे में भारतीय टीम जीत दर्ज करते ही क्लीन स्वीप से बचना चाहेगी।
प्लेइंग इलेवन में हुए दो बदलाव
तीसरे वनडे मैच के लिए भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका दिया है। जबकि नितीश रेड्डी और अर्शदीप सिंह को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। ये दोनों प्लेयर्स शुरुआती दोनों वनडे मैचों में प्रभाव छोड़ने में नाकाम साबित हुए थे। इसी कारण से इन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
दूसरे वनडे में था जीत करने का मौका
दूसरे वनडे मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए थे। तब टीम के लिए रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाए थे। लेकिन इन दोनों प्लेयर्स को बाकी के बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला था। इसके बाद हर्षित राणा और नितीश कुमार रेड्डी ने खूब रन लुटाए थे। इसी कारण से टीम को दो विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। दूसरे वनडे में भारत के पास जीत दर्ज करने का मौका था, लेकिन टीम ऑस्ट्रेलिया के आखिरी दो विकेट नहीं ले पाई। ऑस्ट्रेलिया ने मैथ्यू शॉर्ट और कूपर कोनोली की पारियों की बदौलत टारगेट चेज कर लिया।
तीसरे वनडे मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन:
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेट कीपर), वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
यह भी पढ़ें:
तीसरे ODI में क्यों नहीं खेल रहे नितीश कुमार रेड्डी? BCCI ने दिया बड़ा अपडेट
कप्तान शुभमन गिल ने करवाई इन 2 प्लेयर्स की वापसी, क्लीन स्वीप से बचने के लिए लिया बड़ा फैसला
Latest Cricket News