A
Hindi News खेल क्रिकेट ODI, T20I में रही बल्ले-बल्ले, टेस्ट में हाल बेहाल; 2025 में हर फॉर्मेट में ऐसा रहा भारत का प्रदर्शन

ODI, T20I में रही बल्ले-बल्ले, टेस्ट में हाल बेहाल; 2025 में हर फॉर्मेट में ऐसा रहा भारत का प्रदर्शन

Team India: भारतीय टीम ने अफ्रीका के खिलाफ पांचवां मुकाबला 30 रनों से जीत लिया और सीरीज पर भी कब्जा कर लिया। साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय टीम की 15वीं जीत रही।

indian cricket team- India TV Hindi Image Source : AP भारतीय क्रिकेट टीम

Indian Cricket Team: भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। इसी के साथ भारत ने साल का अंत जीत के साथ किया। पूरे साल भारत ने वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में टीम अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तरसती रही। जहां साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसे घर में हार मिली, तो इंग्लैंड दौरे पर भी दो टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा।

टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया का रहा हाल-बेहाल

टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम ने साल 2025 में कुल 10 मैच खेले और इस दौरान टीम सिर्फ चार मैच ही जीतने में सफल रही। जबकि पांच मैचों में उसे हार का मुंह देखना पड़ा और एक मैच ड्रॉ रहा है। टीम इंडिया को साल 2025 में टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ दो, साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट मैच हारा है।

भारतीय टीम घर पर हमेशा से ही अच्छा प्रदर्शन करती है और उसे यहां हरा पाना किसी भी टीम के लिए आसान बात नहीं है। क्योंकि भारतीय परिस्थितियां हमेशा से ही स्पिनर्स की मददगार रही हैं। लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया का कोई भी दांव सही नहीं बैठा और 0-2 से सीरीज में शिकस्त झेलनी पड़ी।

T20I क्रिकेट में साल 2025 में भारतीय टीम ने हारे सिर्फ 3 मुकाबले

साल 2025 में भारतीय टीम का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बहुत ही शानदार प्रदर्शन रहा है। टीम ने कुल 21 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें से 15 में जीत दर्ज की और सिर्फ तीन मैच हारे। इसके अलावा एक मुकाबला टाई रहा और दो मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। इस दौरान भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में एशिया कप 2025 का खिताब बिना एक भी मुकाबला हारे हुए जीता और इसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान को तीन बार पटखनी दी थी।

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने जीती चैंपियंस ट्रॉफी

वनडे क्रिकेट में भी भारतीय टीम ने साल 2025 में कुल 14 मैच खेले, जिसमें से टीम ने 11 मुकाबलों में जीत दर्ज की और सिर्फ तीन मैच ही हारे। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2025 में वनडे में दो मैच और साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक वनडे मुकाबला हारा है। साल 2025 में ही भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम किया था। तब टीम ने पूरे टूर्नामेंट में कुल पांच मुकाबले खेले थे और सभी में जीत हासिल की थी। भारतीय टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को शिकस्त देकर पूरी दुनिया में झंडा लहराया था।

यह भी पढ़ें:

साल 2025 में एक भी फिफ्टी नहीं जड़ सका भारतीय बल्लेबाज, बना सिरदर्द; अब खराब फॉर्म के लिए क्या कह दिया

IND vs SA: भारत ने तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का कीर्तिमान, सीरीज जीतते ही बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

Latest Cricket News