1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WTC 2025-27 में इन 6 टीमों के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगा भारत, इंग्लैंड दौरे से होगी शुरुआत

WTC 2025-27 में इन 6 टीमों के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगा भारत, इंग्लैंड दौरे से होगी शुरुआत

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के चक्र में भारतीय टीम अपनी पहली टेस्ट सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी। इस सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान पहले ही हो चुका है और भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में है।

भारतीय टेस्ट टीम- India TV Hindi
Image Source : GETTY भारतीय टेस्ट टीम

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 का फाइनल साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर जीत लिया। भारतीय टीम प्वाइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर रही थी। इसी वजह से वह फाइनल में नहीं पहुंच पाई थी। अब नए चक्र में भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी। WTC 2025-27 की शुरुआत भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से करेगी, जिसका पहला मुकाबला 20 जून से खेला जाएगा।

WTC 2023-27 में इन 6 टीमों के खिलाफ सीरीज खेलेगी भारतीय टीम

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में भारतीय टीम अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका का सामना करेगी। वहीं, विदेशी धरती पर वह न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंकाई टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगी। WTC 2025-27 में भारतीय टीम के लिए विदेशी दौरा बिल्कुल आसान नहीं रहने वाला है, क्योंकि इंग्लैंड की धरती पर भारतीय टीम साल 2007 से टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। वहीं न्यूजीलैंड में 2009 के बाद से ही टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। 

भारतीय टीम ने दो बार फाइनल में बनाई थी जगह

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के एक चक्र में हर टीम कुल 6 टेस्ट सीरीज खेलती है, जिसमें से तीन अपने घर पर और तीन विदेश में। इसके बाद WTC की प्वाइंट्स टेबल में टॉप-2 में रहने वाली टीमों के बीच फाइनल मुकाबला होता है। अभी तक कुल तीन बार WTC के फाइनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से दो बार भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बनाई। लेकिन एक बार न्यूजीलैंड ने और एक बार ऑस्ट्रेलिया ने उसका खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया था।

शुभमन गिल के पास है कप्तानी की जिम्मेदारी

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा, विराट कोहली और ऑलरउंडर रविचंद्रन अश्विन टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और भारतीय टेस्ट टीम की कमान युवा प्लेयर्स के हाथों में है। शुभमन गिल के पास कप्तानी की जिम्मेदारी है। वहीं ऋषभ पंत उपकप्तान हैं। इंग्लैंड दौरे के लिए भी भारतीय टीम में अर्शदीप सिंह, साई सुदर्शन और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे युवा प्लेयर्स शामिल हैं। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अच्छा खेल दिखाकर टीम इंडिया की निगाहें WTC 2025-27 में अच्छा प्रदर्शन करने पर होंगी।

यह भी पढ़ें:

टूट गया इस खिलाड़ी का 13 साल पुराना विनिंग स्ट्रीक, लगातार सात फाइनल मैच के बाद हुआ ऐसा

27 साल बाद ICC खिताब जीतकर बावुमा ने इस बात को बताया बकवास, कहा-हम यहां होने के हकदार थे

Latest Cricket News