1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी20 में चटाई धूल, नमन-तिलक और नीतीश की तिकड़ी के आगे पस्त हुए कीवी

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी20 में चटाई धूल, नमन-तिलक और नीतीश की तिकड़ी के आगे पस्त हुए कीवी

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को 4 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस मुकाबले में नमन, तिलक और नीतीश की तिकड़ी ने जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की।

Nitish And Tilak- India TV Hindi
Image Source : GETTY नीतीश कुमार रेड्डी और तिलक वर्मा

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च के स्टेडियम में खेले गए 5 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को 4 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस मैच में टीम इंडिया को जीत हासिल करने के लिए 181 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करते हुए 70 के स्कोर तक आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। इसके बाद तिलक वर्मा, नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी की तिकड़ी ने बल्ले से कमाल दिखाने के साथ टीम इंडिया को मुकाबले में रोमांचक जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। टीम इंडिया की तरफ से तिलक वर्मा के बल्ले से जहां नाबाद 51 रनों की शानदार पारी देखने को मिली तो वहीं नीतीश कुमार रेड्डी ने भी अहम समय पर नाबाद 26 रनों की पारी खेली।

70 के स्कोर पर आधी टीम लौट गई थी पवेलियन

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भारतीय टीम को 181 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करते हुए टीम इंडिया को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी ने अच्छी शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी की। संजू 14 रन बनाकर जब आउट हुए तो अचानक तेजी से विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला जिसमें वैभव सूर्यवंशी 4 रन, अभिषेक शर्मा 27 रन, कप्तान अय्यर 7 और अक्षर पटेल सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए जिसमें भारतीय टीम ने 70 के स्कोर तक अपनी आधी टीम को गंवा दिया था और मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम पूरी तरह से हावी थी।

तिलक ने संभाला एक छोर, मिला नमन और नीतीश का साथ

70 के स्कोर पर 5 विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा ने जहां एक छोर से पारी को संभाला तो वहीं उनको नमन धीर का साथ मिला जिसमें दोनों के बीच में छठे विकेट के लिए हुई 24 गेंदों में 42 रनों की साझेदारी ने मुकाबले में टीम इंडिया की वापसी कराने में अहम भूमिका अदा की। नमन धीर इस मैच में 17 गेंदों में 31 रनों की छोटी लेकिन अहम पारी खेलकर आउट हुए। यहां से तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने जिम्मेदारी संभाली और टीम इंडिया को जीत की तरफ लेकर जाने का काम किया। दोनों के बीच में 7वें विकेट के लिए 30 गेंदों में 69 रनों की मैच विनिंग साझेदारी देखने को मिली। तिलक वर्मा ने सिर्फ 26 गेंदों में छह चौके और एक छक्के के दम पर 51 रनों की पारी खेली तो वहीं नीतीश के बल्ले से 13 गेंदों में 26 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली, जिसमें उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया।

ये भी पढ़ें

मुंबई इंडियंस ने IPL 2027 से पहले किया बड़ा ऐलान, 14999 रन बनाने वाले पोलार्ड को बनाया हेड कोच

प्रतिका रावल ने मचाया तहलका, जड़ा करियर का तीसरा वनडे शतक, मंधाना वाले स्पेशल क्लब में मारी एंट्री

Latest Cricket News