1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय टीम ने विमेंस चैंपियनशिप 2025-29 का किया शानदार आगाज, जिम्बाब्वे को पहले वनडे में दी 9 विकेट से एकतरफा मात

भारतीय टीम ने विमेंस चैंपियनशिप 2025-29 का किया शानदार आगाज, जिम्बाब्वे को पहले वनडे में दी 9 विकेट से एकतरफा मात

भारतीय महिला टीम ने स्मृति मंधाना की कप्तानी में आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप का आगाज बेहतरीन एकतरफा 9 विकेट से जीत के साथ किया है, जिसमें उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले को अपने नाम कर लिया है।

Smriti Mandhana And Pratika Rawal- India TV Hindi
Image Source : PTI स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल

भारतीय महिला क्रिकेट टीम घर पर जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने के बाद अब तीन वनडे मैचों की सीरीज भी खेल रही है। इस सीरीज के साथ ही टीम इंडिया ने आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप 2025-29 में अपना आगाज भी किया, जिसमें जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ वडोदरा के स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मुकाबले को स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम एकतरफा 9 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर्स में 197 रन बनाकर सिमट गई, जिसको टीम इंडिया ने 27.1 ओवर्स में हासिल कर लिया जिसमें लंबे समय के बाद वापसी करने वाली प्रतिका रावल के बल्ले से शानदार शतकीय पारी देखने को मिली।

प्रतिका ने वापसी के साथ दिखाया बल्ले से कमाल

साल 2025 में हुए आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल होने वाली टीम इंडिया की ओपनिंग बल्लेबाज प्रतिका रावल लंबे समय के बाद पूरी तरह से फिट होकर वापसी करने के साथ अपने बल्ले से कमाल दिखाने में कामयाब रहीं। जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में कप्तान मंधाना के साथ ओपनिंग में उतरी प्रतिका रावल ने एक छोर से पारी को संभाले रखा और 96 गेंदों में 100 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली। वहीं इसके अलावा टीम इंडिया शेफाली वर्मा जो इस मैच में प्रतिका की वापसी के बाद नंबर-3 की पोजीशन पर बल्लेबाजी करने उतरी उनके बल्ले से 33 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 64 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली। वहीं कप्तान स्मृति मंधाना अपने बल्ले से कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सकी और 32 रन बनाकर आउट हो गई थी।

गेंदबाजी में श्री चरणी और क्रांति का दिखा कमाल

जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में क्रांति गौड़ और श्री चरणी का कमाल देखने को मिला। क्रांति गौड़ ने अपने 10 ओवर्स में 42 रन देने के साथ तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं श्री चरणी को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 10 ओवर्स में सिर्फ 23 रन देने के साथ 4 विकेट हासिल करने में कामयाबी हासिल की। इसके अलावा दीप्ति शर्मा ने 2 जबकि शेफाली वर्मा एक विकेट लेने में कामयाब रहीं। अब दोनों टीमों के बीच में वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 25 अक्टूबर को वडोदरा के स्टेडियम में ही खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें

सिर्फ 2 T20I मैच खेलने वाला खिलाड़ी बना जूनियर चयन समिति का अध्यक्ष, BCCI ने कुल 4 सदस्यों का किया ऐलान

आईसीसी रैंकिंग में अंग्रेजों की मिट्टी पलीद, अफगानिस्तान ने भी पछाड़ दिया

Latest Cricket News