1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया के लिए आसान नहीं होगा न्यूजीलैंड से पार पाना, अब तक ICC इवेंट्स में ऐसा रहा है रिकॉर्ड

टीम इंडिया के लिए आसान नहीं होगा न्यूजीलैंड से पार पाना, अब तक ICC इवेंट्स में ऐसा रहा है रिकॉर्ड

IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में दुबई के मैदान पर 2 मार्च को मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच से पहले ही दोनों टीमें भले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी हैं, लेकिन दोनों की ही कोशिश अपनी जीत की लय को बरकरार रखने की होगी।

IND vs NZ- India TV Hindi
Image Source : AP भारत बनाम न्यूजीलैंड

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में 2 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ग्रुप-ए के आखिरी मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में भिड़ंत होगी। दोनों ही टीमों ने टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दोनों ही मुकाबलों में जीत हासिल करने के साथ पहले ही सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। ऐसे में इस मैच में जो भी टीम जीत हासिल करेगी वह ग्रुप स्टेज में टॉप पर रहते हुए खत्म करेगी। भारतीय टीम का अभी तक शुरुआती दोनों मैच में मैदान पर शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है तो वहीं कीवी टीम ने भी कुछ इसी तरह का खेल दिखाया है। ऐसे में इस मैच में टीम इंडिया और न्यूजीलैंड दोनों की ही कोशिश सेमीफाइनल मुकाबले से पहले अपनी जीत की लय को बरकरार रखने पर होगी। भारतीय टीम का अब तक आईसीसी के तीनों ही इवेंट्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड अधिक बेहतर देखने को नहीं मिला है।

चैंपियंस ट्रॉफी में अब तक सिर्फ एक बार हुई है भिड़ंत

भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में अब तक सिर्फ एकबार भिड़ंत हुई है जब साल 2000 में दोनों टीमों के बीच इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया था। इस मैच में कीवी टीम ने जीत हासिल करने के साथ ट्रॉफी जीती थी। वहीं अब 25 साल के बाद दोनों ही टीमों का आमना सामना इस टूर्नामेंट में हो रहा है। आईसीसी के वनडे टूर्नामेंट में भारत और न्यूजीलैंड के बीच रिकॉर्ड को देखा जाए तो उसमें से 11 मैच खेले गए हैं, जिसमें न्यूजीलैंड ने 6 जबकि टीम इंडिया ने चार में जीत हासिल की है, जबकि एक मुकाबला रद्द रहा है।

टी20 वर्ल्ड कप और WTC में भी न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड बेहतर

भारतीय टीम का न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी वनडे टूर्नामेंट के अलावा आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भी रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। टी20 वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक तीन मुकाबले खेले गए हैं और तीनों में कीवी टीम को जीत हासिल हुई है। वहीं वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच 8 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें से भारतीय टीम को जहां एक में जीत हासिल हुई है तो वहीं कीवी टीम ने 6 मैचों को अपने नाम किया है, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ है।

ये भी पढ़ें

AFG vs AUS: अफगानिस्तान के लिए बारिश ना बिगाड़ दें खेल, जानें मैच के दौरान कैसा रहेगा मौसम का हाल

ऑस्ट्रेलिया के इस बल्लेबाज से बचकर रहे अफगानिस्तान, आज हो सकता है स्पेशल डे

Latest Cricket News