आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में ग्रुप-बी में अभी तक किसी भी टीम ने सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का नहीं किया है, लेकिन अफगानिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच 28 फरवरी को खेले जाने वाला मुकाबला काफी कुछ तय जरूर कर देगा। अभी तक दोनों ही टीमों ने इस टूर्नामेंट में कुल 2-2 मैच खेले हैं, जिसमें से ऑस्ट्रेलिया ने जहां एक में जीत दर्ज की है तो वहीं एक मैच बारिश की वजह से धुल गया है, ऐसे में उनके तीन अंक हैं। वहीं अफगानिस्तान को लेकर बात की जाए तो उन्होंने भी अभी 2 मैच खेले हैं, जिसमें से वह 1 में जीत हासिल कर चुके हैं तो वहीं एक में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में इस मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लेगी जिससे इस मुकाबले के मौसम पर भी सभी की नजरें टिकी हुईं हैं।
लाहौर में भी बारिश होने की संभावना
अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का ग्रुप-बी का मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। अभी तक इस टूर्नामेंट में दो मुकाबले बारिश के चलते धुल चुके हैं, जिसमें टॉस तक नहीं हो सका है। हालांकि ये दोनों ही रावलपिंडी में होने थे। वहीं लाहौर और रावलपिंडी में अधिक दूरी नहीं होने की वजह से वहां भी अब खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है। इस मुकाबले के मौसम को लेकर बात की जाए तो उसमें बारिश होने की संभावना तो जताई जा रही है, लेकिन मैच पूरा हो जाएगा। लाहौर में दिन के समय बारिश होने की संभावना है, जिसमें शाम के समय मौसम थोड़ा बेहतर हो जाएगा। ऐसे में इस मुकाबले का टॉस भी मौसम को देखते हुए दोनों टीमों के लिए काफी अहम रहने वाला है। लाहौर में मैच के दौरान तापमान को लेकर बात की जाए तो वह अधिकतम 15 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
मैच रद्द होने पर अफगानिस्तान की टीम को होगा नुकसान
लाहौर में खेले जाने वाला ये मुकाबला यदि रद्द होता है तो इससे अफगानिस्तान की उम्मीदों को सबसे ज्यादा झटका लगेगा क्योंकि अफगानिस्तान के जहां अभी 2 अंक हैं तो वहीं ऑस्ट्रेलिया के तीन अंक हैं। ऐसे में मैच रद्द होने पर दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा और इससे ऑस्ट्रेलिया 4 अंकों के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लेगी। अफगानिस्तान ने अपने पिछले मुकाबले में इंग्लैंड की टीम के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया उन्हें बिल्कुल भी हल्के में लेने की गलती नहीं करेगी और ये मैच लाहौर के स्टेडियम में ही खेला गया था।
ये भी पढ़ें
भारत और पाकिस्तान के बीच इस साल तीन बार और हो सकता है मुकाबला, अब इस टूर्नामेंट की शुरू हुई तैयारी
IPL 2025: दिल्ली कैपिटल्स की टीम का बड़ा फैसला, इस दिग्गज खिलाड़ी को सौंपी अहम जिम्मेदारी