भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की मेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में खेलेगी, जिसमें सभी को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। साल 2025 में टीम इंडिया ने महिला वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को पहली बार अपने नाम किया था और अब उनके ऐसे ही कमाल की उम्मीद आगामी टूर्नामेंट में भी की जारी है। टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले अपने तैयारियों को आखिरी बार परखने का भी मौका मिलेगा, जिसमें वह वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीम का सामना वॉर्मअप मैच में करेगी।
वॉर्मअप मुकाबलों में स्मृति और शैफाली पर रहेगी नजरें
टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप से थोड़ा पहले ही इंग्लैंड पहुंच गई थी, जहां उन्होंने मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जिसमें उन्हें 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज में हार के साथ टीम इंडिया के लिए एक जो बड़ी टेंशन की बात रही वह स्टार ओपनिंग बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा दोनों का बल्ले से उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन ना कर पाना है। ऐसे में वर्ल्ड कप से पहले इन दोनों ही प्लेयर्स के लिए वॉर्मअप मुकाबलों की अहमियत काफी बढ़ जाती है जिसमें उनके पास अपना खोया आत्मविश्वास फिर से हासिल करने का मौका रहने वाला है। टीम इंडिया को वर्ल्ड कप से पहले अपना पहला वॉर्मअप मैच 8 जून को वेस्टइंडीज महिला टीम के खिलाफ कार्डिफ के मैदान पर खेलना तो वहीं दूसरे वॉर्मअप मुकाबले में 10 जून को डर्बी के काउंटी ग्राउंड में इंग्लैंड महिला टीम का सामना करना है। ये दोनों ही मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 से खेले जाएंगे।
टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का रहा है ऐसा रिकॉर्ड
महिला टी20 वर्ल्ड कप का ये 10वां संस्करण खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया ने साल 2009 में खेले गए पहले एडिशन से लेकर अब तक सभी में हिस्सा लिया है। ऐसे में उनके रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें भारतीय टीम ने कुल 40 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 22 मैचों को वह अपने नाम करने में कामयाब रहीं हैं तो वहीं 18 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम अभी तक महिला टी20 वर्ल्ड कप में अब तक सिर्फ एकबार फाइनल तक का सफर तय करने में कामयाब हो सकी है जिसमें साल 2020 में उन्हें ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ 85 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था।
ये भी पढ़ें
IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच फिर खेला जाएगा क्रिकेट मुकाबला, कब होगा आमना सामना
हरमनप्रीत कौर के पास टी20 वर्ल्ड कप में इतिहास रचने का मौका, 200 T20I मैच खेलने वाली बनेंगी पहली खिलाड़ी
Latest Cricket News