दुबई में चल रहे महिला टी20 एशिया कप में भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला थाईलैंड महिला टीम के खिलाफ 30 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उम्मीदों के अनुसार प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हुई थी, उसके लिए यह टूर्नामेंट काफी अहम रहने वाला है। टीम इंडिया जो एशिया कप में ग्रुप-ए का हिस्सा है उसका सामना पाकिस्तानी महिला टीम से भी होगा जिसमें 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान की महिला टीम के बीच में मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर सभी फैंस काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसमें टीम इंडिया के खिलाड़ी पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ मिलाएंगे या नहीं इसको लेकर भी सभी की नजरें हैं और इस सवाल को लेकर भारतीय महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार का जवाब भी सामने आया है।
जब भारत-पाकिस्तान मैच आएगा तब जवाब दूंगा
भारतीय महिला टीम के थाईलैंड के खिलाफ टी20 एशिया कप के पहले मुकाबले के दिए पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए हेड कोच अमोल मजूमदार ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले एशिया कप मैच में हैंडशेक को लेकर समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार पूछे गए सवाल को लेकर जवाब देते हुए कहा कि मैदान के बाहर की चीजों पर खिलाड़ी ध्यान नहीं दे रहे हैं। अभी उनका पूरा ध्यान 30 अगस्त को थाईलैंड महिला टीम के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर है और जब भारत-पाकिस्तान मैच आएगा, तब उसके बारे में बात की जाएगी। वहीं हेड कोच ने टीम की हालिया फॉर्म को लेकर कहा कि यह युवा टीम है और इसमें सुधार की काफी गुंजाइश है। हम अच्छा और आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश कर रहे हैं। अब हमारा लक्ष्य अगले छह महीनों के लिए सही शुरुआत करना है। बता दें कि टीम इंडिया ने इस साल अब तक खेले 16 टी20 इंटरनेशनल मैचों में से 9 में हार का सामना किया है।
स्पिनर्स एशिया कप में निभा सकते हैं अहम भूमिका, जेमिमा की खलेगी कमी
महिला टी20 एशिया कप की तैयारियों को लेकर टीम इंडिया के हेड कोच ने कहा कि यहां की पिच और मौसम को देखते हुए स्पिनर्स की भूमिका काफी अहम रहने वाली है, जिसमें हमारे पास अलग-अलग तरह के स्पिनर स्क्वाड में मौजूद हैं और हम इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। वहीं टीम इंडिया जेमिमा रोड्रिग्स के बिना खेलने गई है जिसको लेकर अमोल मजूमदार ने कहा कि हमें उनकी कमी खलेगी क्योंकि वह हमारी अहम खिलाड़ी हैं। अभी जेमिमा बेंगलुरु स्थित COE में चोट से उबरने पर पूरा ध्यान दे रही हैं।
ये भी पढ़ें
बल्लेबाज की चतुराई पड़ गई उसपर भारी, खेलना चाहता था अजीबोगरीब शॉट, गेंद जा लगी विकेट पर; देखें VIDEO
दलीप ट्रॉफी 2026 में नॉर्थ जोन के स्क्वाड में सेमीफाइनल मैच से पहले हुआ बदलाव, गुरनूर बरार बने हिस्सा
Latest Cricket News