1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्री चरणी ने खोला राज, कैसे पाकिस्तानी टीम को सस्ते में निपटाने की रणनीति हुई तैयार

श्री चरणी ने खोला राज, कैसे पाकिस्तानी टीम को सस्ते में निपटाने की रणनीति हुई तैयार

महिला टी20 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम की पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में एकतरफा जीत के पीछे युवा स्पिन गेंदबाज श्री चरणी की अहम भूमिका रही जिसमें उन्होंने सिर्फ 7 रन देकर तीन विकेट हासिल कर लिए।

Shree Charani- India TV Hindi
Image Source : PTI श्री चरणी

भारतीय महिला टीम ने दुबई में खेले जा रहे महिला टी20 एशिया कप 2026 में 5 सितंबर को खेले गए पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को एकतरफा 7 विकेट से अपने नाम किया है, जिसमें वह इस मैच को 68 गेंदों पहले ही खत्म करने में कामयाब रही। टीम इंडिया जो इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले गेंदबाजी करने उतरी थी उसने सिर्फ 55 के स्कोर पर ही पाकिस्तानी महिला टीम की पूरी पारी को समेट दिया। इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने 27 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया और उसके बाद लगातार अंतराल में विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला जिसके पीछे सबसे बड़ी भूमिका टीम इंडिया की युवा स्पिन गेंदबाज श्री चरणी की रही जिन्होंने सिर्फ 7 रन देते हुए तीन विकट हासिल किए। श्री चरणी को जहां उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला तो वहीं उन्होंने मुकाबला खत्म होने के बाद पाकिस्तान की टीम को सस्ते में निपटाने के पीछे की रणनीति का भी खुलासा किया।

सिर्फ स्टंप पर गेंदबाजी करने पर था पूरा ध्यान

श्री चरणी ने मुकाबले के बाद दिए अपने बयान में रणनीति को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि टीम मीटिंग में हम सभी स्पिन गेंदबाज एक साथ बैठते हैं, जिसमें मैं, प्रेमा रावत, दीप्ति शर्मा और राधा यादव शामिल हैं। हम चर्चा करते हैं कि मैच में क्या करना है, इसके बाद दीप्ति और राधा दी जो कहती हैं, हम उस मैच के दौरान मैदान पर उसे लागू करने की कोशिश करते हैं। यह सिर्फ खुद पर ध्यान देने की बात है। मैं अपनी चीजों पर ध्यान देना चाहती हूं, जिसमें मैं चाहती हूं कि मैं अपना काम सही तरीके से करूं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में मैंने सिर्फ स्टंप पर गेंदबाजी करने की कोशिश की। पिच देखने के बाद हमें पता था कि गेंद टर्न हो सकती है, इसलिए मैंने उसी पर ध्यान दिया बाकी काम गेंद पर छोड़ दिया।

चरणी ने प्रेमा रावत की भी जमकर तारीफ

पाकिस्तानी महिला टीम के खिलाफ मैच में श्री चरणी के अलावा प्रेमा रावत ने भी शानदार गेंदबाजी की जिसमें उन्होंने अपने 4 ओवर्स में सिर्फ 9 रन देने के साथ तीन विकेट हासिल किए। प्रेमा रावत के प्रदर्शन को लेकर श्री चरणी ने उनकी जमकर तारीफ करते हुए कहा कि "मुझे लगता है वह एक शानदार और स्वाभाविक प्रतिभा वाली खिलाड़ी हैं, जिसमें प्रेमा बेहतरीन गेंदबाज होने के साथ अच्छी फील्डर और बल्लेबाज भी है।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज को दिन में दिखाए तारे, लगाई बाउंड्री की झड़ी, देखें VIDEO

पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद गदगद हुईं भारतीय कप्तान, कहा - बेखौफ और आक्रामक खेल दिखाकर खुश हूं

Latest Cricket News