1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप में पाकिस्तानी प्लेयर्स से क्या हाथ मिलाएगी टीम इंडिया? कप्तान हरमनप्रीत के जवाब ने कर दी सभी की बोलती बंद

एशिया कप में पाकिस्तानी प्लेयर्स से क्या हाथ मिलाएगी टीम इंडिया? कप्तान हरमनप्रीत के जवाब ने कर दी सभी की बोलती बंद

दुबई में 28 अगस्त से शुरू हो रहे महिला टी20 एशिया कप में भारतीय टीम कप जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है, जिसमें सभी की नजरें 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान की महिला टीम के बीच में होने वाले मुकाबले को लेकर टिकी हुई हैं, तो वहीं इस मैच से पहले टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर का भी बड़ा बयान सामने आया है।

India vs Pakistan- India TV Hindi
Image Source : AFP भारत बनाम पाकिस्तान, महिला क्रिकेट मैच।

महिला टी20 एशिया कप 2026 का आयोजन दुबई में कराया जा रहा है, जिसमें कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं और टूर्नामेंट का आगाज 28 अगस्त से हो रहा है। भारतीय महिला टीम जो हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में इस टूर्नामेंट में खेलने पहुंची है वह खिताब जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। हालांकि पिछली बार महिला एशिया कप के फाइनल मैच में टीम इंडिया को श्रीलंका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वहीं 27 अगस्त को टूर्नामेंट का आगाज होने से पहले हुई सभी कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया की कप्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले 5 सितंबर के मुकाबले को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देने के साथ यह भी साफ किया कि टीम इंडिया के प्लेयर्स पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएंगे या नहीं।

हमारा ध्यान सिर्फ किसी एक टीम को लेकर नहीं

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि हम किसी एक टीम को लेकर अपना पूरा ध्यान नहीं लगा है। हमारी कोशिश टूर्नामेंट के हर मैच में बेहतर प्रदर्शन करने की है ताकि ट्रॉफी को जीता जा सके और ऐसे में हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले रहे हैं। वहीं पाकिस्तानी कप्तान सना फातिमा से हाथ मिलाएंगी या नहीं इसको लेकर हरमनप्रीत कौर ने कोई जवाब नहीं दिया। वहीं उन्होंने कहा कि एशिया कप एक ऐसा टूर्नामेंट है जहां आप सच में खुद को परख सकते हैं और खुद पर काफी दबाव डाल सकते हैं ताकि आप उस स्तर पर प्रदर्शन कर सकें जिसकी आप अपनी टीम से बहुत उम्मीद करते हैं।

अभी हम यहां की परिस्थितियों को समझ रहे हैं

महिला टी20 एशिया कप में भारतीय टीम जिनको ग्रुप-ए में जगह मिली है उसमें वह अपना पहला मुकाबला 30 अगस्त को थाईलैंड महिला टीम के खिलाफ खेलेगी, जबकि दूसरे मुकाबले में उसका सामना तीन सितंबर को हांगकांग चाइना से भिड़ंत होगी तो वहीं 5 सितंबर को पाकिस्तानी महिला टीम से मैच होगा। तीनों मैच दुबई के ही मैदान पर खेले जाएंगे, जिसमें वहां की परिस्थितियों को लेकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि हम 26 अगस्त को यहां आए हैं जिसमें 28 अगस्त को हम प्रैक्टिस करने के लिए जाएंगे और उसी समय हमको हालात के बारे में थोड़ा पता चलेगा। हमारे लिए अच्छी बात यह है कि हमारे पहले मुकाबले से पहले यहां दो मैच हो चुके होंगे जिससे हमको हालात के बारे में बेहतर अंदाजा लगाने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें

भारतीय टीम की नाक में दम करने वाले खिलाड़ी की संघर्ष भरी है कहानी, बहन ने उधार लेकर खरीदा था पहला बल्ला

लॉर्ड्स टेस्ट के बीच पाकिस्तान की बढ़ी मुसीबत, स्टार बल्लेबाज पहले दिन हुआ चोटिल; हो सकता है बाहर

Latest Cricket News