1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मोहसिन नकवी से एशिया कप की ट्रॉफी नहीं लेने पर कोच मजूमदार का बड़ा बयान, बोले- BCCI का स्टैंड

मोहसिन नकवी से एशिया कप की ट्रॉफी नहीं लेने पर कोच मजूमदार का बड़ा बयान, बोले- BCCI का स्टैंड

भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार वूमेन्स एशिया कप का खिताब जीता, लेकिन टीम ने आधिकारिक प्रेजेंटेशन में ट्रॉफी नहीं ली।

Asia Cup 2026- India TV Hindi
Image Source : AFP एशिया कप 2026

भारत ने रविवार को श्रीलंका को 72 रन से हराकर ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने 8वीं बार एशिया कप ट्रॉफी जीतकर एक बार फिर अपना दबदबा कायम किया। लेकिन खिताबी जीत के बाद जिस चीज ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी, वह भारतीय टीम का ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर नहीं पहुंचना रहा

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मुकाबला खत्म होने के करीब 40 मिनट बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी शुरू हुई। इस दौरान श्रीलंकाई खिलाड़ियों को रनर-अप मेडल दिए गए और कप्तान चामारी अटापट्टू का इंटरव्यू भी हुआ, लेकिन भारतीय टीम का कोई सदस्य मंच के आसपास नजर नहीं आया। आखिरकार बिना ट्रॉफी प्रेजेंटेशन के कार्यक्रम खत्म हो गया।

BCCI के फैसले के साथ टीम

भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने मैच के बाद इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला BCCI का था और टीम इस रुख के साथ खड़ी है। मजूमदार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह स्टैंड BCCI ने लिया है और हम इसके साथ हैं। हमारे लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो चुका है। हम चैंपियन हैं और हमारे लिए इतना ही काफी है। बड़े बोर्ड पर भी लिखा था कि भारत एशिया कप 2026 का चैंपियन है। उन्होंने आगे कहा कि यह टूर्नामेंट आधिकारिक तौर पर हमारे लिए खत्म हो गया है। हम खुश हैं कि हम चैंपियन बने। अब हमारा ध्यान एशियन गेम्स पर है। अमोल मजूमदार से जब पूछा गया कि भारतीय टीम को ट्रॉफी आखिर कब मिलेगी, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई खबर नहीं है, इसलिए वह इसका जवाब नहीं दे सकते।

दुबई में क्या हुआ?

फाइनल खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने BCCI सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के साथ निजी तौर पर जीत का जश्न मनाया। इसके बाद टीम मैदान से निकलकर ड्रेसिंग रूम में चली गई। कुछ देर बाद आधिकारिक प्रेजेंटेशन शुरू हुआ, लेकिन उस समय भारतीय टीम का कोई खिलाड़ी या अधिकारी मंच के पास मौजूद नहीं था। श्रीलंका की टीम ने रनर-अप मेडल हासिल किए और इसके बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी समाप्त हो गई।

यह घटनाक्रम 2025 मेन्स एशिया कप की याद दिलाता है, जब भारतीय टीम ने भी ट्रॉफी लेने से इनकार किया था। उस समय भी विवाद का केंद्र एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी ACC के चीफ मोहसिन नकवी थे, जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। भारत की महिला टीम ने हालांकि मैदान पर अपने प्रदर्शन से जवाब दिया और श्रीलंका को हराकर 2024 के फाइनल की हार का बदला लेते हुए एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया।

यह भी पढ़ें:

हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, एशिया कप का खिताब जीतकर तोड़ा मिताली राज का रिकॉर्ड

ईशान किशन ने पूरी की खास फिफ्टी, बन गए सचिन-रोहित के स्पेशल क्लब का हिस्सा

Latest Cricket News