Delhi Capitals: IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना अब लगभग टूट चुका है। घरेलू मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद कप्तान अक्षर पटेल ने भी मान लिया कि टीम से बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बड़ी गलतियां हुईं। इतना ही नहीं, अक्षर के बयान से साफ संकेत मिले कि दिल्ली अब अगले सीजन की तैयारियों पर भी सोचने लगी है।
दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन इस मुकाबले में पूरी तरह फीका रहा। टीम अपने घर में सिर्फ 142/8 का स्कोर बना सकी, जिसे कोलकाता नाइट राइडर्स ने महज 14.2 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। कोलकाता की जीत के हीरो रहे फिन एलन, जिन्होंने विस्फोटक अंदाज में नाबाद 100 रन ठोके। उन्हें केमरन ग्रीन का भी शानदार साथ मिला, जिन्होंने नाबाद 33 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
पॉइंट्स टेबल में पिछड़ी दिल्ली कैपिटल्स
इस हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति बेहद खराब हो गई है। टीम 11 मैचों में सिर्फ 8 पॉइंट के साथ पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, कोलकाता ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। टीम अब 10 मैचों में 9 पॉइंट के साथ सातवें स्थान पर है, हालांकि नॉकआउट तक पहुंचने की राह अभी भी आसान नहीं है।
मैच के बाद दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा कि हम रन बनाने में पीछे रह गए। जिस तरह से पिच का बर्ताव रहा, उसे देखते हुए उन्हें लगता है कि स्पिनरों ने गलतियां कीं। साथ ही, हमने दो-तीन ओवरों में ही पांच विकेट गंवा दिए और उन्हें लगता है कि यहीं से मैच का मोमेंटम हमारे हाथ से निकल गया। शायद यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में हमें सोचने की जरूरत है, क्योंकि CSK के खिलाफ भी ठीक ऐसा ही हुआ था। हमने अच्छी शुरुआत की और फिर अचानक विकेट गिरने लगे। हमें एक-दो ओवर संभलकर खेलने थे।
अक्षर की निगाहें अगले सीजन पर टिकी
उन्होंने कहा कि आप इसे मुश्किल तरीके से हल नहीं कर सकते। तो, उन्हें लगता है कि यह सही सोच अपनाने के बारे में ज्यादा है। अगर आप एक या दो विकेट भी खो देते हैं, तो भी आप क्रीज पर समय बिता सकते हैं और खेल सकते हैं। उन्हें लगता है कि यही करने की जरूरत है, जब विकेट एक साथ गिर रहे हों, तो आपको एक या दो ओवर के लिए प्रेशर झेलना होगा। उन्होंने आगे कहा कि आगे बढ़ते हुए हम ये समझने की कोशिश करेंगे कि कहां गलतियां हुईं। अगला साल भी है, इसलिए हमें अगले सीजन की योजनाओं और तैयारियों के बारे में सोचना होगा। उसी हिसाब से यह भी तय करेंगे कि जो खिलाड़ी अभी बेंच पर हैं, उन्हें मौके दिए जाएं।
यह भी पढ़ें
केएल राहुल ने IPL में बना दिया अनोखा रिकॉर्ड, टूटना लगभग नामुमकिन; बन गए ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी
VIDEO: मैच के बाद क्रुणाल पांड्या को निकोलस पूरन ने धक्का देते हुए पकड़ी गर्दन, मुकाबले के बीच हुई थी बहस
Latest Cricket News