आईपीएल का ये सीजन जैसे जैसे आगे बढ़ रहा है, टीमों के बीच अंक तालिका में खूब उठापटक भी शुरू हो चुकी है। इस बीच प्लेऑफ की भी चर्चा शुरू जारी है। हालांकि अभी शुरुआती दौर है, लेकिन ये ध्यान रखने वाली बात है कि जो टीम पहले बढ़त बना लेती है, उसके लिए आगे आसानी रहती है। चलिए जरा समझने और जानने की कोशिश करते हैं कि इस वक्त प्लेऑफ की दौड़ में कौन सी टीम आगे चल रही है और कौन सी टीम पिछड़ती जा रही है।
आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स ने किया है अब तक शानदार प्रदर्शन
इस वक्त अंक तालिका में जो टीम टॉप 4 में हैं, उनके लिए अच्छी संभावनाएं बनी हुई हैं, क्योंकि इन सभी ने अपने शुरुआती मैच जीतने में कामयाबी हासिल की है। खास तौर पर गत विजेता आरसीबी ने इस बार भी अच्छा आगाज किया है। टीम ने दो में से दो मैच जीते हैं। साथ ही टीम का नेट रन रेट भी काफी अच्छा है। राजस्थान रॉयल्स के लिए भी अच्छी शुरुआत हुई है। जिसने दो के दो मैच जीत लिए हैं। उसका भी नेट रन रेट ठीक है। टीम दूसरे नंबर पर काबिज है। दिल्ली कैपिटलस और पंजाब किंग्स ने भी अभी तक अच्छा किया है।
कितने मैच जीतने पर पक्की हो जाएगी प्लेऑफ की कुर्सी
अब अगर प्लेऑफ के गणित और सिनेरियो को समझा जाए तो पता चलता है कि जो टीम अपने 14 में से आठ या फिर 9 मैच जीत जाती है, उसके लिए आगे की राह आसान होती है। आठ से 9 मैच जीतने का मतलब हुआ कि 16 से 18 अंक हो जाते हैं। हालांकि इतने भर से काम नहीं बनता है, लेकिन संभावनाएं काफी रहती हैं। हां, जो टीम 10 मैच जीत जाती है, उसकी जगह करीब करीब पक्की हो जाती है। 16 से 18 अंक अगर होते हैं और नेट रन रेट भी अच्छा हो तो सोने पे सुहागा होता है। वैसे भी इस बार कुल मिलाकर 70 लीग मैच होंगे।
प्लेऑफ में नेट रन रेट निभाता है काफी अहम भूमिका
अभी जैसा कि हमने आपको पहले ही बताया कि शुरुआती दौर चल रहा है, लेकिन आरसीबी और आरआर को नेट रन रेट अच्छा है, इसलिए इनको आने वाले वक्त में इसका फायदा मिलता हुआ नजर आ सकता है। जब आखिर में देखा जाएगा कि कौन सी टीमों के अंक बराबर हैं, तब आगे का फैसला नेट रन रेट के आधार पर ही किया जाता है।
केकेआर और जीटी का हाल बहुत अच्छा नहीं
इस बीच आईपीएल के सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीमों में से एक सीएसके का हाल खराब है। टीम तीन के तीन मैच हार चुकी है और वो इस वक्त दसवें यानी आखिरी नंबर पर है। मुंबई भी अच्छी टीम मानी जाती है, लेकिन टीम दो में से एक मैच जीतकर फिलहाल छठे स्थान पर है। केकेआर और जीटी भी खिताब जीत चुकी हैं, लेकिन उन्हें जीत नसीब नहीं हुई है। लिहाजा आने वाले मैचों इन दोनों पर दबाव होगा। आज यानी 6 अप्रैल को केकेआर का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा। पंजाब का तो मामला ठीक है, लेकिन अगर आज कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम हारी तो फिर टीम पर संकट और भी बढ़ जाएगा। केकेआर की टीम आज का मैच जीतकर जहां अपना खाता खोलना चाहेगी, वहीं पंजाब की टीम आज जीतकर टॉप 2 में अपनी जगह पक्की करने के लिए उत्सुक होगी।
सीएसके की टीम काफी पीछे रह गई
अभी ये कहना जल्दबाजी होगी कि कौन सी टीम टॉप 4 में फिनिश करेगी, क्योंकि बहुत सारे मैच अभी बाकी हैं, लेकिन इतना जरूर है कि आरसीबी और आरआर ने जिस तरह का खेल दिखाया है, उनकी दावेदारी काफी मजबूत नजर आती है। वहीं सीएसके की टीम काफी पीछे है, ये अकेले ऐसी टीम है, जो तीन मैच खेलकर भी कोई जीत हासिल नहीं कर पाई है। आने वाले मैच काफी रोमांचक होंगे। आगे वाली टीम और आगे जाना चाहेगी, वहीं पीछे वाली टीमें आगे निकलने की कोशिश करेंगी।
यह भी पढ़ें
तीन मैच हार चुकी CSK के लिए आई गुड न्यूज, टीम कब खेलेगी अपना अगला मुकाबला
IPL 2026 Points Table: किस टीम ने मारी अंक तालिका में बाजी, 3 टीमों का नहीं खुला खाता
Latest Cricket News