A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026: KKR को बड़ा झटका, पंजाब किंग्स के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे सुनील नरेन?

IPL 2026: KKR को बड़ा झटका, पंजाब किंग्स के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे सुनील नरेन?

IPL 2026 के 12वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने हैं। इस अहम मैच में कोलकाता के स्टार गेंदबाज सुनील नरेन नहीं खेल रहे हैं।

sunil naraine- India TV Hindi
Image Source : AFP सुनील नरेन

KKR vs PBKS: IPL 2026 के अहम मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स यानी KKR को बड़ा झटका लगा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे मैच में टीम के सबसे अनुभवी और सफल गेंदबाज सुनील नरेन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। टॉस के दौरान कप्तान अजिंक्य रहाणे ने खुद उनकी गैरमौजूदगी की वजह बताई, जिसने फैंस को चौंका दिया।

प्लेइंग इलेवन से क्यों बाहर हुए नरेन?

रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और बताया कि नरेन इस मैच में बीमारी के कारण नहीं खेल रहे हैं। उनके साथ-साथ वरुण चक्रवर्ती भी चोट के चलते बाहर हैं। रहाणे ने कहा कि हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। विकेट अच्छा लग रहा है, थोड़ा सूखा है लेकिन खेलने के लिए बेहतरीन है। उन्होंने कहा कि दो बदलाव मजबूरी में करने पड़े। वरुण चक्रवर्ती चोटिल हैं और नरेन बीमार हैं। उनकी जगह रोवमैन पॉवेल और नवदीप सैनी को शामिल किया गया है। अप्रैल 2019 के बाद यह पहली बार है जब चक्रवर्ती और नरेन दोनों ही KKR की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। 7 साल पहले ऐसा देखने को मिला था। तब टीम को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

KKR को खलेगी स्टार गेंदबाज की कमी

सुनील नरेन KKR के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 198 पारियों में 211 विकेट लेकर टीम को कई मैच जिताए हैं। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा नुकसान मानी जा रही है। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया। कप्तान श्नेयस अय्यर ने टॉस के दौरान कहा कि वह भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे, लेकिन टीम का संतुलन बरकरार रखते हुए उसी कॉम्बिनेशन के साथ उतर रहे हैं, जिसने पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था। उन्होंने कहा कि वह भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। हमारी टीम में कोच के साथ तालमेल शानदार है और हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

पंजाब किंग्स (प्लेइंग इलेवन): प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को येनसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।

पंजाब किंग्स इम्पैक्ट सब: प्रियांश आर्य, सूर्यांश शेडगे, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे, हरप्रीत बराड़।

कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन): फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी

कोलकाता नाइट राइडर्स इम्पैक्ट सब: ब्लेसिंग मुजरबानी, मनीष पांडे, तेजस्वी सिंह, राहुल त्रिपाठी, सौरभ दुबे।

यह भी पढ़ें:

फखर जमां पर PCB ने लगाया बैन, अब PSL में बन गए इस टीम के कोच

KKR Vs PBKS: कौन जीतेगा आज का मैच, कितने बजे शुरू होगा मुकाबला

Latest Cricket News