1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL फाउंडर और पहले चेयरमैन ललित मोदी 16 साल बाद लौटेंगे भारत, फेमा केस में राहत मिलने के बाद किया ऐलान

IPL फाउंडर और पहले चेयरमैन ललित मोदी 16 साल बाद लौटेंगे भारत, फेमा केस में राहत मिलने के बाद किया ऐलान

IPL के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने कोर्ट से राहत मिलने के बाद बड़ा ऐलान किया है। ललित मोदी ने कहा कि है वह इस साल भारत लौटेंगे।

Lalit Modi- India TV Hindi
Image Source : AFP ललित मोदी

IPL के फाउंडर और पहले चेयरमैन ललित मोदी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ललित मोदी को 21 जुलाई को कोर्ट से क्लीनचिट मिल गई। इसके बाद ललित मोदी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने भारत वापस लौटने का ऐलान कर दिया है।

ललित मोदी ने कहा कि वह कल आए फैसले से बहुत खुश हैं। सच में, यह दिन बहुत अच्छा रहा है। उन्होंने 16 साल तक लड़ाई लड़ी और मीडिया और बाकी सभी लोगों से जो कुछ भी कहा, वह आखिरकार सच साबित हुआ। उन्हें बहुत खुशी है कि ट्रिब्यूनल ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया है। उन्हें सिर्फ IPL की भलाई की चिंता थी और किसी चीज की नहीं। वह उनके लिए सबसे ज्यादा जरूरी है। अब वह चैप्टर पीछे छूट चुका है, वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ेंगे।

16 साल बाद लौटेंगे भारत

ललित मोदी ने आगे कहा कि वह भारत लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह शायद इस साल के अंत में या अगले साल की शुरुआत में वापस आएंगे। अक्टूबर में उनकी बेटी को बेटा होने वाला है और उम्मीद है कि सब ठीक रहेगा और वह भारत वापस आ जाऊंगा।

गौरतलब है कि ललित मोदी पिछले कई सालों से इंग्लैंड में रह रहे थे। उन्होंने 2010 में भारत छोड़ दिया था। ललित मोदी टैक्स चोरी, धनशोधन और प्रसारण सौदों में हेरफेर के आरोपों के बाद 2010 में भारत छोड़कर लंदन चले गए थे। वह IPL के संस्थापक और तीन साल तक चेयरमैन रहे। बता दें, स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स फॉरफीचर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट (SAFEMA) के तहत अपीलीय ट्रिब्यूनल ने 2009 के IPL साउथ अफ्रीका FEMA मामले में ED के ज्यादातर निष्कर्षों और पेनल्टी को रद्द करके ललित मोदी और अन्य अपीलकर्ताओं को बड़ी राहत दी है।

यह मामला साउथ अफ्रीका में आयोजित हुए IPL 2009 से जुड़ा है। लोकसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा कारणों से IPL का दूसरा सीजन साउथ अफ्रीका में आयोजित हुआ था। इस दौरान प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने आरोप लगाया था कि BCCI ने IPL 2009 के आयोजन के लिए लगभग 4.98 करोड़ US डॉलर विदेश भेजे थे। ED ने अपने आरोपों में कहा था कि इतनी बड़ी रकम को भारत के बाहर भेजने से पहले भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI से कोई परमिशन नहीं ली गई थी।

(Inputs ANI)

यह भी पढ़ें:

थप्पड़ कांड वीडियो लीक होने पर हरभजन ने तोड़ी चुप्पी, ललित मोदी के लिए कही ये बात

Lalit Modi Dating Sushmita Sen: ललित मोदी ने सुष्मिता सेन संग डेटिंग का किया खुलासा, सोशल मीडिया पर आई कमेंट्स की बाढ़

Latest Cricket News