आईपीएल 2025 सीजन में 29 मई को पहला क्वालीफायर मुकाबला खेला गया जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने 8 विकेट से पंजाब किंग्स को मात देने के साथ सीधे फाइनल के लिए अपनी टिकट कटा ली। पंजाब किंग्स जिन्होंने इस सीजन लीग स्टेज के दौरान शानदार प्रदर्शन करने के साथ प्वाइंट्स टेबल पर पहले स्थान पर रहते हुए खत्म किया था, जिसके बाद उनके लिए ये हार किसी बड़े झटके से कम नहीं है। हालांकि अभी भी पंजाब किंग्स के पास फाइनल में जगह बनाने का मौका है, जिसके लिए उन्हें एक जून को होने वाले क्वालीफायर-2 मुकाबले में जीत हासिल करनी होगी। वहीं इसी के साथ एक और चर्चा फैंस के बीच देखने को मिल रही है कि क्या अब तक आईपीएल में क्वालीफायर-1 मुकाबला हारने वाली टीम ने ट्रॉफी को अपने नाम किया है।
पंजाब किंग्स की टीम क्या दोहरा पाएगी मुंबई इंडियंस का कारनामा
आरसीबी की टीम ने जहां फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है तो वहीं पंजाब किंग्स की भी कोशिश अब क्वालीफायर-2 मुकाबला जीतकर खिताबी मैच में जगह बनाने की होगी। वहीं आईपीएल के इतिहास में जबसे साल 2011 से प्लेऑफ की शुरुआत हुई उसके बाद से सिर्फ एक टीम ऐसी रही है जिसने क्वालीफायर-1 मुकाबला हारने के बाद ट्रॉफी को अपने नाम किया है जो कि मुंबई इंडियंस है। साल 2013 और साल 2017 में मुंबई इंडियंस की टीम ने ऐसा करने में कामयाब हुई थी।
मुंबई इंडियंस को साल 2013 के पहले क्वालीफायर मैच में चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद उन्होंने फाइनल में जगह बनाने के साथ ट्रॉफी जीती थी। वहीं इसके बाद साल 2017 के आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस की टीम को पहले क्वालीफायर मैच में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था और बाद में उन्होंने फाइनल में जगह बनाने के साथ खिताब जीतने में सफलता हासिल की थी। अब पंजाब किंग्स के सामने मुंबई इंडियंस के इस रिकॉर्ड को दोहराने का मौका जरूर रहेगा।
अहमदाबाद के स्टेडियम में दिखाना होगा पंजाब किंग्स को कमाल
पंजाब किंग्स की टीम अब क्वालीफायर-2 मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलेगी, जिसमें उन्होंने इस सीजन यहां पर एक मुकाबला पहले खेला है और उसमें उनके बल्लेबाजों का कमाल देखने को मिला था। उस मैच में पंजाब किंग्स का सामना गुजरात टाइटंस से हुआ था और उसमें उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 243 रनों का स्कोर बनाया था और बाद में मैच 11 रनों से जीता था। ऐसे में पंजाब किंग्स के बल्लेबाज जो क्वालीफायर-1 मुकाबले में कोई कमाल नहीं दिखा पाए थे वह अब अहमदाबाद में वापसी की पूरी कोशिश करेंगे।
ये भी पढ़ें
मुंबई इंडियंस की Playing 11 में फेरबदल होना बिल्कुल तय, कप्तान हार्दिक देंगे इन प्लेयर्स को जगह?
श्रेयस अय्यर ने बताया कौन है पंजाब किंग्स की शर्मनाक हार का जिम्मेदार, कहा - ये भूलने वाला दिन नहीं है
Latest Cricket News