A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आईपीएल क्वालीफायर में आई बारिश तो फाइनल में कौन सी टीम जाएगी, रिजर्व डे नहीं, कैसे होगा फैसला

आईपीएल क्वालीफायर में आई बारिश तो फाइनल में कौन सी टीम जाएगी, रिजर्व डे नहीं, कैसे होगा फैसला

आईपीएल में मंगलवार यानी 26 मई को पहला क्वालीफायर खेला जाएगा। इसमें आरसीबी और गुजरात टाइटंस की टीमें आपस में भिड़ेंगी। इस बीच अगर बारिश आई तो फैसला कैसे होगा, ये जान लीजिए।

shubman gill and rajat patidar- India TV Hindi
Image Source : AP शुभमन गिल और रजत पाटीदार

आईपीएल का लीग फेज समाप्त हो चुका है। छह टीमों का खेल खत्म हो गया है। अब केवल चार टीमें ही खिताब की दावेदार बची हैं। इस बीच अब पहले क्वलीफायर की तैयारी शुरू हो चुकी है, जो 26 मई यानी मंगलवार को खेला जाएगा। इस बीच सवाल ये है कि अगर इस मैच में बारिश ने खलल डाला तो कौन सी टीम फाइनल में जाएगी। इस मैच के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है। इसलिए मामला फंसा हुआ ​नजर आएगा। लेकिन इसके लिए रास्ता है। 

आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा मुकाबला

लीग फेज के बाद अब आईपीएल में प्लेऑफ की बारी है। पहला क्वालीफायर आरसीबी यानी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। ये मुकाबला हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में होगा। मुकाबला उसी वक्त यानी साढ़े सात बजे से शुरू होगा, उससे आधे घंटे पहले यानी सात बजे टॉस होगा। इस ​बीच आईपीएल के इस सीजन में कुछ मैचों में बारिश ने खलल डाला है। अगर इस मैच में भी ऐसा ही हुआ तो क्या होगा। दरअसल धर्मशाला में मंगलवार को हल्की बारिश की आशंका जताई गई है। इस बीच अगर बारिश होती है तो उसके लिए एक्स्ट्रा टाइम रखा गया है। यानी करीब डेढ़ से दो घंटे का वक्त ज्यादा दिया जाएगा। लेकिन इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। 

बारिश ने नहीं होने दिया खेल तो फाइनल में जाएगी आरसीबी

इससे पहले जो आईपीएल मैच हुए हैं, उसमें भी ऐसा ही हुआ है। थोड़ी बारिश में तो एक्स्ट्रा टाइम से काम बन जाता है, लेकिन अगर ज्यादा बारिश हुई तो फिर ओवर कम कर दिए जाएंगे। फिर कोशिश होगी कि कम से कम छह ओवर का खेल करा दिया जाए, ताकि विजेता का फैसला मैच से हो। लेकिन अगर एक भी बॉल डालने की स्थिति नहीं हुई तो आरसीबी की टीम जीती हुई मानकर फाइनल में चली जाएगी और गुजरात टाइटंस को क्वालीफायर 2 खेलना होगा। 

अंक तालिका के आधार पर होगा बारिश के हालात में फैसला

दरअसल नियम यही है कि अगर एक भी बॉल का खेल नहीं हो पाता है तो जो टीम अंक तालिका में आगे है, उसे फायदा मिलेगा और वे जीती हुई टीम मानी जाएगी। वैसे तो आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बराबर 18 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के मामले में आरसीबी ने बाजी मारी है, इसलिए वो पहले नंबर पर है। ऐसे में आरसीबी की टीम बिना मैच खेले ही फाइनल में चली जाएगी। वहीं गुजरात टाइटंस की टीम बाहर नहीं होगी, उसे दूसरा क्वालीफायर खेलने का मौका मिलेगा। हालांकि बारिश की आशंका काफी कम है और हो सकता है कि ना भी हो। अगर बारिश आती भी है तो शायद इतनी नहीं होगा कि मैच पूरा ना हो पाए, ऐसे में आपको ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है। 

यह भी पढ़ें 

आईपीएल जीतने वाली टीम को कितनी मिलती है प्राइज मनी, क्या इस बार बढ़ेगी धनराशि

टीम इंडिया जून में 6 इंटरनेशनल मैच खेलेगी, टेस्ट- टी20 और वनडे का लगेगा तड़का

Latest Cricket News