1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. संजू सैमसन क्यों हो रहे लगातार फेल? इरफान पठान ने बताई बैटिंग में बड़ी कमजोरी

संजू सैमसन क्यों हो रहे लगातार फेल? इरफान पठान ने बताई बैटिंग में बड़ी कमजोरी

T20 वर्ल्ड कप और IPL में शानदार प्रदर्शन के बावजूद संजू सैमसन का बल्ला भारतीय टीम के लिए लगातार तीन मैचों में नहीं चला। पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने अब उनकी बल्लेबाजी में कमी को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

sanju samson- India TV Hindi
Image Source : AFP संजू सैमसन

T20 वर्ल्ड कप 2026 और IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन का बल्ला भारतीय टीम की जर्सी में अचानक खामोश हो गया है। लगातार तीन मैचों में फ्लॉप रहने के बाद अब पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने उनकी बल्लेबाजी की एक तकनीकी कमी की ओर इशारा किया है। उनका मानना है कि विरोधी गेंदबाजों ने संजू को आउट करने का एक तय तरीका खोज लिया है।

लगातार फेल हो रहे संजू सैमसन

जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान इरफान पठान ने कहा कि आप संजू सैमसन के खिलाफ गेंद को उनसे दूर रखना चाहते हैं। अगर गेंद को दूर नहीं भी ले जा रहे हैं, तब भी आप ऑफ स्टंप के बाहर लाइन रखना चाहेंगे, क्योंकि उनके बल्ले का फेस बंद रहता है। जब बल्ले का फेस बंद रहता है और वह ऑफ साइड में शॉट खेलने की कोशिश करते हैं, तो कई बार बल्ले का फेस खुल जाता है।

आयरलैंड के खिलाफ पहले T20I मैच में संजू ने कवर के ऊपर से ड्राइव खेलने की कोशिश की थी, लेकिन गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीधे स्टंप्स पर जा लगी। दूसरे मुकाबले में वह अंदर आती गेंद को सही तरह से नहीं पढ़ सके और आउट हो गए। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले T20I में भी लगभग यही कहानी दोहराई गई। ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर उन्होंने बल्ला चलाया और कैच देकर पवेलियन लौट गए।

गेंदबाज जानते हैं संजू सैमसन की कमजोरी

इरफान पठान ने आगे कहा कि यही वजह है कि हमने उन्हें कई बार स्लिप में, विकेटकीपर के पीछे और स्क्वायर के पीछे कैच आउट होते देखा है। उन्हें इसी प्लान के तहत आउट करने की सोच थी। फील्ड उसी हिसाब से बदली गई, गेंदबाज ने उसी लाइन पर गेंदबाजी की, थोड़ी छोटी लेंथ रखी, जहां गेंद थोड़ा रुक रही थी और संजू वहीं आउट हो गए।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर का मानना है कि अगर संजू सैमसन को इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार सफलता हासिल करनी है तो उन्हें ऑफ स्टंप के बाहर की गेंदों के खिलाफ अपनी तकनीक पर काम करना होगा। फिलहाल विरोधी टीमें इसी कमजोरी को निशाना बनाकर उन्हें जल्दी आउट करने में कामयाब हो रही हैं

यह भी पढ़ें:

श्रेयस अय्यर टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड में फिफ्टी लगाने वाले बने पहले भारतीय कप्तान, विराट कोहली को छोड़ा पीछे

जोस बटलर ने पूरा किया स्पेशल शतक, टी20 इंटरनेशनल में बने 100 डिसमिसल करने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर

Latest Cricket News