A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जीत के बावजूद ईशान किशन ने लगाई SRH बल्लेबाजों की क्लास, कहा- हमें बेहतर बल्लेबाजी करनी चाहिए

जीत के बावजूद ईशान किशन ने लगाई SRH बल्लेबाजों की क्लास, कहा- हमें बेहतर बल्लेबाजी करनी चाहिए

Ishan Kishan: सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अपने पिछले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रनों से हराया। इस जीत के बावजूद SRH के कप्तान ईशान किशन अपने बल्लेबाजों के प्रदर्शन से खुश नजर नहीं आए।

Ishan Kishan- India TV Hindi
Image Source : AP ईशान किशन

Ishan Kishan: सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने आईपीएल 2026 के 27वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रनों से हराया। इस मैच में हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए। इस मुकाबले में हैदराबाद के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों में से सिर्फ अभिषेक शर्मा ही अर्धशतक लगा पाए, वहीं मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन ने महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों ही बल्लेबाजों ने 59-59 रनों की पारी खेली। इस मैच में SRH के कप्तान टीम के बल्लेबाजों के प्रदर्शन से खुश नजर नहीं आए। मैच खत्म होने के बाद उन्होंने जमकर बल्लेबाजों की क्लास लगाई।

हमें बेहतर बल्लेबाजी करने की जरूरत थी- ईशान किशन

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में ईशान किशन ने कहा कि यह पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी और हम 30-40 रन पीछे रह गए। हमें और बेहतर बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। हम पॉइंट्स टेबल की तरफ नहीं देख रहे हैं क्योंकि यह एक लंबा टूर्नामेंट है। हम एक समय में एक ही मैच के बारे में सोच रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने गेंदबाजों को लेकर कहा कि जब आपके पास युवा गेंदबाज होते हैं तो यह शानदार होता है क्योंकि वे अपने नए प्लानिंग के साथ आते हैं। उन्हें अपना बखूबी काम किया।

शॉट सेलेक्शन को लेकर क्या बोले ईशान किशन

SRH के कप्तान ने आगे कहा कि अभिषेक काफी जल्दी आउट हो गए, फिर भी उन्होंने 60 के आस-पास रन बनाए। हमेशा जब हमने 220, 230 रन बनाए हैं। हमने हमेशा देखा है कि पहले तीन बैट्समैन में से, हमेशा एक बैट्समैन ही बड़े रन बनाता है। तो आज हम उसमें चूक गए, लेकिन खासकर इस टीम के साथ, इस बैटिंग लाइन-अप के साथ, मुझे लगता है, हम शायद 20 रन पीछे रह गए। ईशान ने ये भी बताया कि पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी। इस पिच पर टीम को 30-40 रन और बनाने चाहिए थे। उन्होंने आगे कहा कि उनके बल्लेबाजों को शॉट सेलेक्शन पर ध्यान देने की जरूरत है।

CSK को मिली इस सीजन की चौथी हार

इस मुकाबले में हैदराबाद की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन की अर्धशतकीय पारी के बदौलत 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 194 रन ही बना सकी। CSK के लिए इस मैच में जेमी ओवरटन और अंशुल कंबोज ने शानदार गेंदबाजी की। जवाब में सीएसके की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 184 रन ही बना सकी और उन्हें इस सीजन चौथी हार का सामना करना पड़ा। टीम के लिए मैथ्यू शॉर्ट 34 रन बनाकर टॉप रन स्कोरर रहे।

यह भी पढ़ें

CSK वर्सेस SRH मैच के बाद कैसा है IPL 2026 का पॉइंट्स टेबल, हैदराबाद की टॉप-4 में एंट्री

Orange Cap & Purple Cap: गिल से एक दिन में छिना नंबर-1 का ताज, पर्पल कैप पर CSK के गेंदबाज का कब्जा

Latest Cricket News