IPL 2026 Ank Talika: IPL 2026 में 18 अप्रैल के दिन दो मुकाबले खेले गए। दिन के पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराया। वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रनों से मात दी। इस मैच के बाद अंक तालिका का हाल बदल गया है। हैदराबाद अब टॉप-4 में अपनी जगह बना चुकी है। वहीं दिन का पहला मैच हारने के बाद भी RCB को पॉइंट्स टेबल में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है, उनकी टीम अभी पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। आपको बता दें कि यह इस सीजन बेंगलुरु की दूसरी हार है।
SRH पहुंची टॉप-4 में
चेन्नई सुपर किंग्स को हराने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को बड़ा फायदा हुआ है। उन्होंने दो पायदान की छलांग लगाई और वो पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। फिलहाल पॉइंट्स टेबल में पंजाब किंग्स की टीम 9 अंकों के साथ पहले नंबर पर है। वहीं 8 पॉइंट्स के साथ रजत पाटीदार की टीम RCB दूसरे नंबर पर है। तीसरे नंबर पर मौजूद राजस्थान के पास भी 8 अंक हैं। वहीं अब चौथे स्थान पर हैदराबाद 6 अंक के साथ विराजमान हो गई है, जबकि पांचवें नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स भी 6 अंक के साथ बनी हुई है।
पॉइंट्स टेबल में CSK किस नंबर पर?
अंकतालिका में 6 अंकों के साथ गुजरात टाइटंस की टीम छठे नंबर पर है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 4 पॉइंट्स के साथ टेबल में सातवें नंबर पर है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के खाते में भी फिलहाल 4 अंक है और उनकी टीम आठवें नंबर पर है। इस सीजन हार्दिक पांड्या की टीम मुंबई इंडियंस फिलहाल 9वें नंबर पर है, उनके खाते में दो अंक हैं। वहीं आईपीएल 2026 में एक भी मैच न जीत पाने वाली केकेआर 1 अंक के साथ आखिरी पायदान पर है। बारिश की वजह से एक मैच रद्द होने के कारण केकेआर को एक अंक मिला है।
RCB vs DC और CSK vs SRH मैच का हाल
18 अप्रैल को खेले गए दोनों मैच की बात करें तो दिन के पहले मैच में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए थे। जवाब में DC ने 19.5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाकर टारगेट को हासिल कर लिया। दिन के दूसरे मुकाबले में हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और उन्होंने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए। जवाब में CSK की टीम 20 ओवर बैटिंग करने के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 184 रन बना सकी।
यह भी पढ़ें
Orange Cap & Purple Cap: गिल से एक दिन में छिना नंबर-1 का ताज, पर्पल कैप पर CSK के गेंदबाज का कब्जा