इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में 29वां लीग मुकाबला पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम के बीच में न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर के स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में सभी की नजरें एलएसजी टीम के कप्तान ऋषभ पंत के खेलने पर लगी हुई हैं, जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के खिलाफ पिछले मुकाबले में बल्लेबाजी करते समय चोटिल होने की वजह से बीच में ही मैदान छोड़कर बाहर निकल गए थे। ऋषभ पंत अब पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मैच में खेलेंगे या नहीं इसको लेकर लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम के गेंदबाजी कोच भरत अरुण का इसको लेकर बड़ा बयान सामने आया है।
पंत पूरी तरह से फिट, खेलेंगे पंजाब के खिलाफ मुकाबला
ऋषभ पंत आरसीबी के खिलाफ मैच में जब बल्लेबाजी कर रहे थे, तो उस दौरान जोश हेजलवुड की एक शॉर्ट गेंद बाएं हाथ पर लगी थी जिसके कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा था। इसके बाद वह मुकाबले में बाद में बल्लेबाजी करने के लिए वापस तो आए लेकिन अधिक सहज नहीं दिखे जिसमें उनके चेहरे पर साफतौर दर्द देखने को मिल रहा था। अब लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले पंत की उपलब्धता को लेकर दिए बयान में बताया कि वह पूरी तरह ठीक हैं और कल खेलने के लिए फिट हैं, जिसमें वह पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मैच में खेलेंगे।
हम अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन से खुश हैं
लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि प्रिंस यादव ने अपनी बॉलिंग से काफी प्रभावित किया है जबकि मयंक यादव और मोहसिन खान ने चोट के बाद फिट होकर अच्छी वापसी की है। सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है लेकिन हम गेंदबाजों के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं। मुझे लगता है कि मैं गेंदबाजों के साथ अच्छा तालमेल बना पाया हूं। बता दें कि लखनऊ सुपर जाएंट्स ने अभी तक इस आईपीएल सीजन में 5 मैच खेले हैं, जिसमें से वह सिर्फ 2 को ही जीतने में कामयाब हो सके हैं तो वहीं तीन मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में उनके लिए ये मुकाबला काफी अहम रहने वाला है।
ये भी पढ़ें
SRH vs CSK: हेनरिक क्लासेन ने हवा में उड़कर लपका हैरतअंगेज कैच, हर कोई रह गया सन्न, देखें VIDEO