ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मैच से बाहर हो गए हैं। इसके अलावा बाएं हाथ के स्पिनर जोएल डेविस भी जोहान्सबर्ग में खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के रूप में फील्डिंग करते समय हैमस्ट्रिंग इंजरी का शिकार हो गए थे, जिसके चलते वह भी अब इस दौरे से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया बोर्ड ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है। नाथन एलिस का चोटिल होना ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि वह जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम के सबसे बेहतरीन गेंदबाज रहे थे।
दूसरे वनडे में सिर्फ 4 ओवर बॉलिंग कर सके नाथन एलिस
दूसरे वनडे मैच में सिर्फ चार ओवर गेंदबाजी करने के बाद एलिस को साइड स्ट्रेन में दिक्कत महसूस हुई, जिसकी वजह से वह अपना ओवर पूरा करने वापस मैदान पर नहीं आ सके। अब वह अपनी चोट की जांच और रिहैब के लिए वापस देश लौटेंगे, ताकि 13 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही घरेलू वनडे सीरीज तक पूरी तरह फिट हो सकें। साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में साउथ अफ्रीका की तरफ से टेम्बा बावुमा और डेविड मिलर ने शतक लगाया था।
नाथन एलिस के बाहर होने के बाद 30 सितंबर को पोचेफस्ट्रूम में होने वाले आखिरी वनडे के लिए ऑस्ट्रेलिया के पास चुनने के लिए सिर्फ चार फिट तेज गेंदबाज ही बचे हैं। शुरुआती दो मैच ना खेलने के बाद अब पैट कमिंस इस मैच के लिए टीम में वापस आ सकते हैं, जबकि दूसरे मैच में आराम दिए जाने के बाद मिचेल स्टार्क भी खेलते हुए दिख सकते हैं। वहीं पहले दो मैच खेलने वाले जोश हेजलवुड को आराम दिया जा सकता है। ऐसे में जेवियर बार्टलेट प्लेइंग XI में अपनी जगह बरकरार रख पाएंगे।
इंडिया टूर के लिए भी स्क्वॉड में किया गया है बदलाव
इस बीच, ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने भारत दौरे पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया ए टीम में भी कुछ बदलाव किए हैं। ब्रेंडन डॉगेट, फर्गस ओ'नील और कैंपबेल केलावे शेफील्ड शील्ड सीजन की शुरुआत के लिए भारत से अपने देश लौटेंगे। वहीं, मंगलवार से पुडुचेरी में शुरू हो रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में सैम हार्पर, झाय रिचर्डसन और लियाम हैचर खेलते हुए नजर आएंगे।
6 अक्टूबर से शुरू हो रहे तीन मैचों के लिए राइली मेरेडिथ और विल सदरलैंड को 'ऑस्ट्रेलिया ए' की वनडे टीम में शामिल किया गया है। ये दोनों खिलाड़ी जैक एडवर्ड्स और एरॉन हार्डी की जगह लेंगे। जैक एडवर्ड्स इस समय साउथ अफ्रीका में हैं, जिन्हें कैमरन ग्रीन के विकल्प के तौर पर वहां भेजा गया था और वह सीरीज के पहले दो वनडे मैच खेल चुके हैं। वहीं, एरॉन हार्डी घुटने की हल्की चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान टूर से बाहर हुए धाकड़ अंग्रेज बल्लेबाज जोस बटलर, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी खेलना मुश्किल
एशियन गेम्स 2026 के बीच आई बुरी खबर, बांग्लादेश के नजमुल हसन शांतो हुए बाहर