ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने बल्ले से बड़ा कारनामा कर दिया। जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे ODI में बावुमा ने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह ODI में शतक लगाने वाले साउथ अफ्रीका के सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हैं।
बावुमा ने 27 सितंबर 2026 को 36 साल और 133 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 112 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस सेंचुरी के साथ उन्होंने पूर्व साउथ अफ्रीकी कप्तान फाफ डु प्लेसिस का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इससे पहले साउथ अफ्रीका के लिए कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा उम्र में ODI शतक लगाने का रिकॉर्ड डु प्लेसिस के नाम था। उन्होंने 6 जुलाई 2019 को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 94 गेंदों में 100 रन की पारी खेली थी। उस समय उनकी उम्र 34 साल और 358 दिन थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़ी दूसरी सेंचुरी
बावुमा का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI में यह दूसरा शतक है। कप्तान के तौर पर साउथ अफ्रीका की ओर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI शतक लगाने के मामले में वह अब फाफ डु प्लेसिस के बाद दूसरे स्थान पर हैं। डु प्लेसिस ने कप्तान रहते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन ODI शतक लगाए थे। बावुमा भले ही साउथ अफ्रीका की ओर से ODI में शतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हों, लेकिन ODI के इतिहास में सबसे ज्यादा उम्र में सैकड़ा जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE के खुर्रम खान के नाम पर दर्ज है।। खुर्रम ने 30 नवंबर 2014 को दुबई में अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 132 रन की पारी खेली थी। उस समय उनकी उम्र 43 साल और 162 दिन थी।
वहीं, टेस्ट खेलने वाले देशों यानी फुल मेंबर टीमों के खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा उम्र में ODI शतक लगाने वाले कप्तान का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के क्रेग एर्विन के नाम है। एर्विन ने 18 जून 2023 को हरारे में नेपाल के खिलाफ नाबाद 121 रन बनाए थे। उस समय उनकी उम्र 37 साल और 303 दिन थी।
ऑस्ट्रेलिया को मिला बड़ा टारगेट
कप्तान टेम्बा बावुमा के शतक की बदौलत साउथ अफ्रीका की टीम 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 365 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही। बावुमा ने 116 गेंदों का सामना करते हुए 103 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 10 चौके और 2 छक्के जड़े। वहीं, डेविड मिलर ने 12 चौके और 9 छक्कों की मदद से 142 रन जड़े।
यह भी पढ़ें:
32 साल के जस्टिन ग्रीव्स ने ठोका पहला ODI शतक, जॉन कैंपबेल के साथ मिलकर किया बड़ा कारनामा
विराट कोहली ने रचा इतिहास, मोहम्मद अजहरुद्दीन का 28 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त