टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें चयनकर्ताओं ने जो सबसे बड़ा चौंकाने वाला फैसला लिया है, उसमें पिछले 2 सालों से टीम इंडिया की स्क्वाड से बाहर चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को शामिल करना। 7 फरवरी से शुरू होने वाले मेगा इवेंट के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड को लेकर ऐसी उम्मीद लगाई जा रही थी कि शुभमन गिल को इसमें शामिल जरूर किया जाएगा, लेकिन उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। वहीं ईशान किशन की वापसी का सबसे बड़ा प्रमुख कारण उनका हाल में ही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करना है।
SMAT में ईशान किशन ने 500 से अधिक रन बनाए
ईशान किशन की गिनती भारतीय क्रिकेट में प्रतिभाशाली विकेटकीपर बल्लेबाजों में की जाती है, लेकिन खराब फॉर्म के चलते उन्हें स्क्वाड से बाहर किया गया था। इसके बाद ईशान किशन के लिए आईपीएल के पिछले 2 सीजन भी बल्ले से कुछ खास नहीं रहे थे। ऐसे में उनके लिए वापसी का रास्ता आसान नहीं था। ईशान किशन ने हाल में ही खत्म हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 10 मैचों में खेलते हुए 517 रन बनाए थे, जिसमें उनके बल्ले से 2 शतकीय और दो अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली थी। अपने इस प्रदर्शन के दम पर ईशान किशन चयनकर्ताओं को प्रभावित करने में कामयाब रहे जिसके दम पर वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की स्क्वाड का हिस्सा बन सके।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल (उपकप्तान), जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, ईशान किशन।
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में रहेगी ईशान पर सभी की नजरें
भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज भी खेलनी है, जिसमें ईशान किशन के पास मेगा इवेंट से पहले अपने बल्ले की धार दिखाने का शानदार मौका रहेगा। ईशान किशन ने पिछली बार टी20 इंटरनेशनल में मुकाबला साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में खेला था। वहीं टी20 इंटरनेशनल में उनके प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 32 मैचों में 25.68 के औसत से 796 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 6 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं, इसके अलावा उनका स्ट्राइक रेट 124.38 का देखने को मिला है।
ये भी पढ़ें
IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए हुई टीम इंडिया की घोषणा, जानें किन प्लेयर्स को मिली जगह
बड़ा बदलाव, शुभमन गिल को सेलेक्टर्स ने दिखाया बाहर का रास्ता; इस खिलाड़ी को मिली उपकप्तानी
Latest Cricket News